'जागते रहो' का सायरन बजाती रही पुलिस, सीबीआई ऑफिस के सामने हो गई वारदात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के हजरतगंज इलाके में पीआरवी में जागते रहो का सायरन बजाकर लोगों को चौकन्ना करने वाली पुलिस की नाक के नीचे चोरों ने वारदात कर डाली। पुलिस का वाहन जागते रहो का सायरन बजाते हुए घूमता रहा और चोरों ने नवल किशोर रोड स्थित सीबीआई ऑफिस के सामने आकाश कैफे व दयाल मेडिकल स्टोर का ताला तोड़ दिया।
कैफे से चोर नकदी व मोबाइल फोन समेत अन्य सामान उड़ा ले गए जबकि मेडिकल स्टोर में चोरी नहीं कर सके। मंगलवार सुबह वारदात की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौका-मुआयना किया। कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की फोटो मिल गई है। इंस्पेक्टर राधा रमण सिंह का कहना है कि चोरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि कैफे गोसाईंगंज के अंसल गोल्फ सिटी निवासी आकाशदीप का है। सोमवार रात वह कैफे बंद करके घर गए थे तभी चोरों ने धावा बोल दिया। आकाशदीप मंगलवार सुबह कैफे पहुंचे तो शीशे के दरवाजे पर लगा इंटरलॉक व अन्य ताले टूटे थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि चोरों ने पास ही स्थित दयाल मेडिकल स्टोर का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया था। पुलिस ने कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई तो चोरों के फोटो मिल गए।
इंस्पेक्टर ने बताया कि आकाशदीप ने कैश बॉक्स में रखे 15 हजार रुपये व एक कीमती मोबाइल फोन चोरी होने की तहरीर दी। केस दर्ज करके जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि चोरी की वारदात में कैफे के कर्मचारी अथवा आकाशदीप का कोई परिचित शामिल हो सकता है। पुलिस ने कुछ कर्मचारियों से पूछताछ की है। आसपास के कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है।
शाम से ही शुरू हुआ था जागते रहो सायरन का ट्रायल
हजरतगंज क्षेत्र में सोमवार शाम से ही जागते रहो के सायरन का ट्रायल शुरू किया गया था। इसके तहत यूपी 100 सेवा की पीआरवी में सायरन की जगह जागते रहो की रिकॉर्डिंग फीड की गई थी।
यह सायरन सीओ हजरतगंज अभय कुमार मिश्रा ने बनवाया था जिसमें चौकीदार की तरह जागते रहो की गूंज के साथ ही सड़क पर डंडा पटकने की आवाज सुनाई देती है। सायरन के ट्रायल की शुरुआत के चंद घंटे बाद ही चोरी हो गई।