यूपी: विधानभवन घेरने पहुंचे शिक्षक, पुलिस ने खदेड़ा, हंगामा
लक्ष्मण मेला मैदान में धरना दे रहे मनरेगा तकनीकी सहायक और अनुसूचित जाति प्राथमिक शिक्षक गुरुवार को विधानभवन पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों और पुलिस में काफी देर तक नोकझोंक हुई।
मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर मनरेगा तकनीकी सहायक वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले मनरेगा तकनीकी सहायक 28 सितंबर से प्रदेश अध्यक्ष रघुनाथ पटेल की अगुवाई में धरना दे रहे हैं।
मांगों पर सुनवाई न होने से नाराज कर्मी पुलिस को चकमा देकर अलग-अलग समूहों में विधानभवन पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
वहीं, निजी अनुसूचित छात्र बहुल प्राथमिक विद्यालयों को अनुदान सूची पर लेने की मांग को लेकर चार अक्तूबर से धरने पर बैठे अनुसूचित जाति प्राथमिक शिक्षक भी उप्र अनुसूचित जाति प्राथमिक शिक्षक महासभा मोर्चा के अध्यक्ष विजय प्रताप की अगुवाई में विधानभवन के सामने पहुंच गए।
लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया
दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने काफी समझाने की कोशिश की। जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो पुलिस ने लाठियां फटकार कर उन्हें खदेड़ दिया।
मोर्चा के अध्यक्ष विजय प्रताप ने कहा, 22 मई को मुख्यमंत्री ने वार्ता केदौरान विद्यालयों को अनुदानित करने का आश्वासन दिया था।
सरकार ने चुनावी वादा पूरा करते हुए संस्कृत विद्यालय, मदरसा, माध्यमिक विद्यालय और बीपीएड अध्यापकों को रोजगार मुहैया करा दिया लेकिन अनुसूचित प्राथमिक शिक्षकों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।