मस्ती पड़ी भारी, जेल गए लामार्ट के तीन छात्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ला-मार्टिनियर कॉलेज में हर महीने के आखिरी रविवार को आयोजित होने वाले ‘संडे-बनडे’ इवेंट में तीन पूर्व छात्रों को एयर पिस्टल से खुलेआम हवाई फायरिंग करना महंगा पड़ा।
घटना से दहशत में आए स्टूडेंट्स व अन्य पूर्व छात्रों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। तीनों को शांति भंग करने के आरोप में हवालात की हवा खानी पड़ी।
तीनों पूर्व छात्र बिजनेसमैन हैं। इनकी पहचान वजीरगंज के वजीउल्लाह रोड निवासी फरहान (35), महानगर के वर्षीय फैजान (44) और लाटूश रोड के मुजम्मिल (45) के तौर पर हुई है। दोपहर के समय संडे बनडे कार्यक्रम में फरहान, फैजान और मुजम्मिल शामिल हुए।
फरहान के पास एक एयर पिस्टल थी जो असली जैसी नजर आ रही थी। इवेंट शुरू होने के बाद तीनों ने मिलकर हवा में फायरिंग शुरू कर दी। वे तीनों पक्षियों को निशाना बनाने लगे। लगातार फायरिंग से सभी पूर्व छात्रों और इवेंट में शामिल हुए छात्रों में अफरातफरी मच गई। इन तीनों को फायरिंग करते देख उन्होंने पुलिस को सूचित किया। सीएम आवास के पास स्थित ला-मार्टिनियर में फायरिंग की खबर से हड़कंप मच गया।
कोर्ट गए मिली जमानत
गौतमपल्ली से एक पुलिस टीम तत्काल भेजी गई। तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने पास किसी तरह का असलहा होने की बात से इनकार किया।
गौतमपल्ली के एसओ सुरेंद्र कटियासर ने बताया कि जब सख्ती की गई तो उन्होंने एअर पिस्टल पुलिस को दी। पुलिस ने जांच में पाया कि यह एयर पिस्टल असली विदेशी पिस्टल की नकल है और जानलेवा नहीं है।
पुलिस ने तीनों को सार्वजनिक स्थल पर शांति भंग करने के मामले में धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उन्हें पकड़कर हवालात ले गई। पुलिस स्टेशन से उन्हें कोर्ट ले जाया गया, जहां उन्हें जमानत दे दी गई।
क्या है संडे-बनडे
ला-मार्टिनियर कॉलेज में हर महीने के आखिरी रविवार को ‘संडे-बनडे’ के रूप में यहां की एलुमनाई एसोसिएशन कार्यक्रम आयोजित करती है। इसमें पूर्व छात्र कॉलेज से अपने को जोड़े रखने के लिए बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। कार्यक्रम में आए ये पूर्व छात्र अपने सार्थियों को उनके जन्मदिवस व सालगिरह के लिए बधाइयां दे रहे थे।