व्हाट्सएप पर मैसेज भेज एमिटी कॉलेज के छात्र ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखी ये बातें
लखनऊ के चिनहट में बुधवार सुबह एमिटी कॉलेज से एमए साइकोलॉजी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे रोहित शर्मा (20) ने फांसी लगाकर जान दे दी। खुदकुशी करने से पहले उसने बिहार निवासी परिवारीजनों को व्हाट्सएप पर ‘मैं बहुत डरा हुआ हूं और क्विट कर रहा हूं’ मैसेज लिखकर भेजा।
उसका मैसेज देखते ही परिवारीजनों को होश उड़ गए। उन्होंने फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद रोहित के दोस्तों को उसके कमरे पर भेजा गया। कमरे पर पहुंचे दोस्तों ने दरवाजा भीतर से बंद देखकर पुलिस को सूचना दी।
दरवाजा तोड़ने पर भीतर रोहित फंदे से लटकता मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर सचिन कुमार सिंह का कहना है कि कमरे से रोहित के हाथों लिखा सुसाइड नोट बरामद हुआ है। उसने खुदकुशी क्यों की? इसकी जांच की जा रही है।
मैसेज देख परिवारीजनों के पैरों तले खिसक गई जमीन
इंस्पेक्टर ने बताया कि मूलरूप से बिहार के गोपालगंज निवासी रोहित के पिता बलराम शर्मा सेना से सेवानिवृत्त हैं और परिवार के साथ वहीं रहते हैं। रोहित यहां मल्हौर में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह पढ़ाई में सामान्य था और कुछ दिन से काफी परेशान था।
कॉलेज बहुत ही कम आता-जाता था। अक्सर कमरा बंद करके ही रहता था। उसने मानसिक रूप से परेशान होने की जानकारी परिवारीजनों को भी दे दी थी। दो दिन से वह लगातार परिवारीजनों से मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहा था। मंगलवार रात वह काफी तनाव में था।
बुधवार सुबह परिवारीजनों ने उसे फोन करके खुद को शांत रखने के लिए काफी समझाया। हालांकि, वह खुद को संभाल नहीं सका। उसने परिवारीजनों को व्हाट्सएप पर मेसेज भेजकर फांसी लगा ली। उधर, रोहित का मेसेज देखकर परिवारीजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
उन्होंने रोहित का नंबर मिलाया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। परेशान परिवारीजनों ने उसके दोस्तों को फोन कर कमरे पर भेजा। यहां पहुंचे दोस्तों ने कमरा खटखटाया लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर दोस्तों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़ने पर भीतर का नजारा देखकर दोस्तों की चीख निकल गई।
पुलिस अन्य बिंदुओं पर कर रही जांच
रोहित ने परिवारीजनों को बताया था कि उसकी परीक्षाएं होने वाली हैं। फिलहाल मानसिक रूप से ठीक न होने से वह परीक्षा नहीं देना चाहता है। परिवारीजनों ने उसे काफी समझाया था। हालांकि, पुलिस खुदकुशी के पीछे कुछ और ही वजह मानते हुए जांच कर रही है। उसकी परेशानी की क्या वजह थी? फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है।
सुसाइड नोट में एक युवती से मांगी माफी
रोहित का सुसाइड नोट मात्र सात पंक्तियों का है। उसने अपने माता-पिता से बेहद प्यार करने का जिक्र किया। अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया। अंत में उसने एक युवती का नाम लिखा और उससे माफी मांगी। युवती कौन है? कहां रहती है? रोहित से उसका क्या संबंध था? कहीं युवती की वजह से तो उसने खुदकुशी नहीं की? उसने माफी क्यों मांगी? इन सवालों का जवाब पुलिस खोज रही है।