नीति आयोग की तर्ज पर होगा राज्य योजना आयोग का पुनर्गठन, यूपी सरकार ने तैयार कराया मसौदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नीति आयोग की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी राज्य योजना आयोग का पुनर्गठन किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने नए आयोग के गठन का मसौदा तैयार कर लिया है। जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष इसके प्रेजेंटेशन की तैयारी है।
नरेंद्र मोदी सरकार ने 2014-15 में केंद्रीय योजना आयोग की जगह नीति आयोग का गठन किया था। उसके बाद नीति आयोग ने तत्कालीन सपा सरकार को प्रदेश में राज्य योजना आयोग की जगह राज्य नीति आयोग के गठन का प्रस्ताव दिया था।
सपा सरकार ने इस प्रस्ताव पर कोई कार्रवाई नहीं की। 2017 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य योजना आयोग के तत्कालीन उपाध्यक्ष नवीन चंद वाजपेयी ने इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के साथ ही आयोग स्वत: भंग हो गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार के नीति आयोग की तर्ज पर प्रदेश में भी योजना आयोग का पुनर्गठन करने के निर्देश दिए थे। योगी सरकार में भी करीब दो साल तक मामला ठंडे बस्ते में रहा। बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय नीति आयोग की बैठक के बाद प्रदेश का योजना विभाग आयोग पुनर्गठन को लेकर फिर सक्रिय हुआ है।
इन्होंने तैयार किया मसौदा
सूत्रों ने बताया कि अपर मुख्य सचिव नियोजन दीपक त्रिवेदी ने नीति आयोग के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य, उनके अधिकार, शक्तियों और कार्यों की तर्ज पर राज्य नीति आयोग के गठन का मसौदा तैयार किया है।
इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सीईओ, सदस्य, उसके अधीन काम करने वाले विभाग, कार्यक्रम सहित अन्य गतिविधियां शामिल की हैं। विभाग ने प्रदेश की स्थिति के अनुरूप कुछ बदलाव के सुझाव भी दिए हैं। विभाग ने नए आयोग के लिए कुछ नाम भी प्रस्तावित किए हैं।
इस मसौदे पर पहले मुख्य सचिव अनूपचंद्र पांडेय के साथ चर्चा प्रस्तावित है। इसके बाद मुख्यमंत्री के सामने इसका प्रेजेंटेशन किया जाएगा। मुख्यमंत्री की हरी झंडी के बाद नए आयोग का विधिवत गठन का रास्ता साफ होगा।