कमिश्नर की चेतावनीः काम में ढिलाई बिल्कुल भी नहीं होगी बर्दाश्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
1988 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी टी.वेंकटेश ने बुधवार को मंडलायुक्त पद का कार्यभार संभाला। इस मौके पर उन्होंने समयबद्ध स्तर पर कामकाज को अपनी पहली प्राथमिकता बताते हुए चेताया कि किसी भी कार्य में ढिलाई व शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि मंडलीय जिलों में संचालित सीएम व शासन की प्राथमिकता से जुड़े विकास व निर्माण कार्यों की नियमित तौर पर निगरानी होगी। इसके लिए जल्दी सभी मंडलीय जिलों के डीएम व सीडीओ के साथ बैठक कर वर्तमान में संचालित कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
नवागत मंडलायुक्त ने ये निर्देश अपने अधीनस्थ अधिकारियों को जारी किये। बुधवार को सुबह 10:30 बजे कार्यभार संभालने के बाद मंडलायुक्त ने अनेक अधिकारियों से मुलाकात की।
उन्होंने अपर आयुक्त प्रशासन सीपीएन उपाध्याय, राजेश कुमार राय, सुधा वर्मा, सहायक निदेशक सूचना, आईजी पुलिस ए सतीश गणेश, उप पुलिस महानिरीक्षक आरकेएस राठौर, रायबरेली विकास प्राधिकरण के सचिव ओपी राय, अपर जिलाधिकारी आपूर्ति अनिल कुमार सिंह, सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज के प्रबंध निदेशक ए रहमान से भेंट की।
इस मौके पर मंडलायुक्त टी. वेंकटेश ने कहा कि कार्यालय में कामकाज की संस्कृति को बढ़ावा दिए जाने के लिए समय का अनुपालन पूरी सख्ती के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि टीम भावना के साथ एकजुट हो कामकाज करके ही मंडलायुक्त कार्यालय की जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी से निर्वाहन हो सकेगा।
इंजीनियर भी हैं मंडलायुक्त
इसके बाद कमिश्नर ने कार्यालय कक्ष के रिकार्ड रूम सहित अपर आयुक्त कक्षों और न्यायालय कक्ष का भ्रमण कर संचालित काम काज को देखा व परखा। बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालाजी से प्रथम श्रेणी में मैकेनिकल इंजीनियर टी वेंकटेश ने पीजीएस कालेज ऑफ टेक्नालाजी से प्रथम श्रेणी मे मशीन टूल इंजीनियरिंग से एमटेक और टेरी विश्वविद्यालय से पब्लिक पॉलिसी विषय में परास्नातक उपाधि प्राप्त की है।
भारतीय प्रशासनिक सेवा में उन्होंने अपना कैरियर वर्ष 1990 में इटावा में बतौर एसडीएम शुरू किया था। इससे पूर्व वह यूपी सीमेंट कारपोरेशन में जनरल मैनेजर, मुख्य विकास अधिकारी डवलपमेंट एडमिनस्ट्रेशन, डीएम गोंडा, अल्मोड़ा, बरेली, पर्यटन एवं गृह विभाग में विशेष सचिव, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, मंडलायुक्त गोरखपुर के बतौर सफलता पूर्वक काम काज संभाल चुके हैं।
मंडलायुक्त टी.वेंकटेश को केंद्र सरकार में भी वर्ष 2005 से 2012 तक विभिन्न पदो पर कार्य करने का विशेष अनुभव प्राप्त है। वर्ष 2012 में वह प्रदेश में प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा, 2013 में मंडलायुक्त अलीगढ़ और 2015 में प्रमुख सचिव सिंचाई के पद पर भी कार्य कर चुके हैं।