बसपा की दूसरी लिस्ट में 23 मुस्लिम व 64 नए प्रत्याशी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बसपा सुप्रीमो मायावती ने शुक्रवार को 100 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की। इसमें राजधानी लखनऊ समेत दूसरे और तीसरे चरण में चुनाव वाले विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। पश्चिमी यूपी, रुहेलखंड व मध्य यूपी के 18 जिलों की इस सूची में पार्टी ने 23 मुस्लिमों को मौका दिया है।
दूसरी सूची में लखनऊ, रामपुर, अमरोहा, मैनपुरी, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर और उन्नाव जिले के 100 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी शामिल हैं। इनमें से 64 प्रत्याशी नए हैं।
इन्होंने पिछला चुनाव नहीं लड़ा था। वहीं, दो प्रत्याशी ऐसे हैं जिनका क्षेत्र बदला गया है। 34 प्रत्याशी पुराने हैं जिनमें नौ मौजूदा विधायक भी शामिल हैं।
15 में से छह विधायकों के टिकट काटे
मायावती ने इस क्षेत्र के मौजूदा 15 बसपा विधायकों में से छह के टिकट काट दिए हैं। इनमें शाहजहांपुर के रोशनलाल वर्मा, खीरी के हरविंदर साहनी, सीतापुर के बाला प्रसाद अवस्थी और हरदोई की रजनी तिवारी व बृजेश कुमार तथा कानपुर देहात के इंद्रपाल कटियार पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
कानपुर नगर की सीसामऊ सीट सामान्य है, लेकिन बसपा ने यहां से अनुसूचित जाति के नंदलाल कोरी को प्रत्याशी बनाया है। बसपा अब तक 200 प्रत्याशियों का एलान कर चुकी है। तीसरी सूची शनिवार को जारी की जाएगी।
इन विधायकों पर भरोसा कायम
विधायक--विधानसभा क्षेत्र--जिला
मुशर्रत आलम--बिल्सी--बदायूं
सिनोद शाक्य--दातागंज--बदायूं
सुल्तान बेग--मीरगंज--बरेली
वीरेंद्र सिंह--बिथरी चैनपुर--बरेली
नीरज कुशवाहा--जलालाबाद--शाहजहांपुर
शमशेर बहादुर--धौरहरा--लखीमपुर खीरी
रामहेत भारती--हरगांव--सीतापुर
जासमीर अंसारी--लहरपुर--सीतापुर
राधेलाल रावत--मोहन--उन्नाव
इन विधायकों का टिकट कटा
विधायक--विधानसभा क्षेत्र--जिला
रोशन लाल वर्मा--तिलहर--शाहजहांपुर
हरविंदर साहनी--पलिया--लखीमपुर खीरी
बाला प्रसाद अवस्थी--मोहम्मदी--सीतापुर
रजनी तिवारी--सवायजपुर--हरदोई
बृजेश कुमार--विलग्राम मल्लावां--हरदोई
इंद्रपाल कटियार--सिकंदरा--कानपुर देहात
दूसरी सूची में छह महिलाएं
सूची में छह विधानसभा क्षेत्रों से महिलाओं को मौका मिला है। मैनपुरी की किशनी सीट से कमलेश कुमारी, पीलीभीत की बीसलपुर से दिव्या, हरदोई की गोपामऊ से मीना कुमारी, बालामऊ से नीलू सत्यार्थी, कानपुर नगर की घाटमपुर से सरोज कुरील तथा कानपुर देहात जिले की रसूलाबाद सीट से पूनम शंखवार भाग्य आजमाएंगी।
रिटायर्ड आईएएस व आईपीएस भी आजमाएंगे भाग्य
आईएएस अधिकारी और सचिव ग्राम्य विकास के पद से रिटायर हुए राम बहादुर को मोहनलालगंज सुरक्षित सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।
शाहजहांपुर की पुवायां सुरक्षित सीट से अवकाश प्राप्त आईपीएस अधिकारी गुरुबचन लाल भाग्य आजमाएंगे। मायावती ने मई 2011 में गौतमबुद्धनगर में भूमि अधिग्रहण के दौरान हिंसा के बाद लाल को एडीजी एनसीआर जोन के पद से हटा दिया था।
ये भी होंगे चुनाव मैदान में
10वें लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी परशुराम गंगवार ने वर्तमान केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को हराया था। मेनका तब जनता दल प्रत्याशी थीं। बसपा ने गंगवार की बेटी दिव्या को पीलीभीत के बीसलपुर से प्रत्याशी बनाया है।
इसी तरह शाहजहांपुर की तिलहर सीट से पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा को मौका दिया गया है। पिछले चुनाव में उनका टिकट काट दिया गया था।
उन्हें मौजूदा विधायक रोशनलाल वर्मा के स्थान पर उतारा गया है। वर्मा बसपा छोड़ चुके हैं। इसके अलावा बरेली में मीरगंज के विधायक सुल्तान बेग के भाई सुलेमान बेग को भी बसपा ने प्रत्याशी बनाया है। सुलेमान भोजीपुरा से भाग्य आजमाएंगे।