जनरल टिकट पर स्लीपर में चढ़ा तो मिली दर्दनाक मौत!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राप्तीसागर एक्सप्रेस से गोंडा आ रहा अब्दुल हसीब पानी लेने के लिए लखनऊ रेलवे स्टेशन पर उतरा। इस बीच ट्रेन चलने लगी तो वह जल्दबाजी में स्लीपर कोच में चढ़ गया। अब्दुल ने टीटीई को बताया कि उसके पास जनरल का टिकट है और ट्रेन चल देने के कारण स्लीपर कोच में चढ़ गया।
टीटीई ने उसकी एक न सुनी और आरपीएफ सिपाहियों को बुला लिया। सिपाहियों ने अब्दुल को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए यात्रियों ने बुढ़वल रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया।
इस कारण ट्रेन दो घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। ट्रेन के गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अब्दुल के रिश्तेदार अब्दुल अलीम ने कोतवाली जीआरपी में आरपीएफ के दो सिपाहियों के खिलाफ तहरीर दी है। इस मामले में जांच शुरू हो गई है।
बलरामपुर के कटराशंकर गांव के अब्दुल अलीम ने बताया कि वे रिश्तेदारों संग आंध्र प्रदेश के सिकन्दराबाद में व्यापार करते हैं। शनिवार को वे अपने साढू अब्दुल (24) और गांव के कुछ लोगों के साथ बकरीद मनाने के लिए राप्तीसागर एक्सप्रेस से गोंडा आ रहे थे।
पानी लेने उतरा था स्टेशन पर
अलीम के मुताबिक पानी लेने के लिए लखनऊ रेलवे स्टेशन पर उतरा अब्दुल ट्रेन चल देने पर स्लीपर कोच में चढ़ गया। उसका का आरोप है कि बुढ़वल रेलवे स्टेशन से पहले आरपीएफ के दो सिपाहियों ने अब्दुल हसीब की जमकर पिटाई की। इससे उसकी मौत हो गई।
मामले की जांच शुरू
इस पर जीआरपी कोतवाली गोंडा के कोतवाल अभय नारायण सिंह कहते हैं कि अब्दुल हसीब की मौत के मामले में अब्दुल अलीम ने आरपीएफ एस्कार्ट के सिपाहियों पर पिटाई का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक दिलीप पांडेय को सौंपी गई है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी
मामले पर आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट सारिका मोहन का कहना है कि आरपीएफ के सिपाहियों की पिटाई से यात्री के मौत की शिकायत मिली है। जांच कराई जा रही है। आरोप सही पाया गया तो आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।