दो बच्चियों से दरिंदगी का प्रयास, पुलिस लाचार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोसाईगंज इलाके में एक दरिंदे ने सोमवार दोपहर नीम की पत्ती लेने निकली बच्ची को रास्ते में दबोच लिया और मुंह दबाकर पड़ोसी के शौचालय में उठा ले जाकर अश्लील हरकतें की। चीख-पुकार पर बच्ची को छोड़ा। उलाहना लेकर पहुंचे बच्ची के माता-पिता को फटकार कर भगा दिया।
वहीं बंथरा इलाके में एक दरिंदे ने घर के सामने खेल रही बच्ची को टॉफी के बहाने बुलाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। दोनों मामले दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, गोसाईगंज के एक गांव में आठ वर्षीय बच्ची सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे अपनी बहन की फुंसियों के इलाज के लिए नीम की पत्ती लेने निकली थी।
रास्ते में पान-मसाला की दुकान लगाने वाले तेजबली उर्फ तेजू रैदास (30) ने उसे रोका और मुंह दबाकर पड़ोस के एक घर में बने शौचालय में उठा ले गया। दुष्कर्म के इरादे से अश्लील हरकतें करने लगा। बच्ची की चीख-पुकार पर आसपास के लोगों को आता देख तेजू ने बच्ची से गालीगलौज के साथ जान से मारने की धमकी दी।
थाने पहुंचे माता-पिता तो हुआ ये
रोते हुए घर लौटी बच्ची की आपबीती सुनकर उसके माता-पिता उलाहना लेकर पहुंचे। तेजू ने उनसे भी गाली-गलौज की और फटकार लगाकर भगा दिया। अपमान से क्षुब्ध दंपती बच्ची को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने छेड़खानी, गाली-गलौज व पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा। पुलिस, फरार तेजू की तलाश कर रही है।
बंथरा इलाके के एक गांव में सोमवार शाम छह साल की बच्ची सहेलियों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। पड़ोसी लल्ली (38) ने उसे टॉफी देने के बहाने बुलाया और घर में बंधक बनाकर दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। विरोध पर जान से मारने की धमकी देने के साथ बच्ची का मुंह दबाए था।
बच्ची के काफी देर तक पड़ोसी के घर से न निकलने से सशंकित सहेली ने उसके घर जाकर परिवारीजनों को जानकारी दी। माता-पिता तुरंत लल्ली के घर पहुंचे। किसी तरह दरवाजा खुलवाया। इस बीच बच्ची को अस्त-व्यस्त हालत में छोड़कर लल्ली छत के रास्ते भाग निकला।
बच्ची के परिवारीजनों ने हंगामा करने के साथ पुलिस को सूचना दी। पुलिस, लल्ली के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसओ बंथरा संजय खरवार का कहना है कि दुष्कर्म के प्रयास व अन्य धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।