अयोध्या: राम मंदिर की नींव की डिजाइन पर लगेगी मुहर, निर्माण समिति की बैठक कल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राममंदिर निर्माण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार से अयोध्या में होने जा रही है। इस बैठक में राममंदिर की नींव पर फाइनल मुहर लगने के साथ ही तीन महीने के मास्टर प्लान पर चर्चा होगी। बैठक में इंजीनियरों द्वारा राममंदिर की डिजाइन का प्रेजेंटेशन मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र सहित ट्रस्ट के पदाधिकारियों के समक्ष किया जाएगा।
यह तय माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद राममंदिर की नींव का काम फाइनल रूप से शुरू हो जाएगा। बैठक में शामिल होने के लिए मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र बुधवार शाम अयोध्या पहुंच गए हैं। उन्होंने रामलला व हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन भी किया।
मंदिर ट्रस्ट के सूत्रों के अनुसार राममंदिर निर्माण समिति की दो दिवसीय बैठक गुरुवार से सर्किट हाउस में शुरू होगी। बैठक से पूर्व मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र सुबह साढ़े नौ बजे से 11 बजे तक मंदिर निर्माण कार्य के लिए डंप मिट्टी को हटाए जाने के कार्य का निरीक्षण करेंगे।
इसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर एक बजे तक राम जन्मभूमि परिसर में बने कार्यालय में ट्रस्टियों व इंजीनियरों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर ढाई से अपराह्न साढ़े तीन बजे तक सर्किट हाउस में बैठक करेंगे। बैठक में एलएंडटी, टाटा कंसल्टेंसी सहित अन्य एजेंसियों के इंजीनियर, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, राममंदिर के आर्किटेक्ट आशीष सोमपुरा सहित अन्य ट्रस्टी मौजूद रहेंगे।
बैठक में इन मुद्दों पर होगी चर्चा
बैठक में राममंदिर की नींव में कौन से मैटेरियल का प्रयोग किया जाए कि मंदिर की आयु लंबी हो सके उस पर चर्चा होगी। साथ ही इंजीनियरों द्वारा नींव की डिजाइन का प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। दूसरे दिन 22 जनवरी को भी सर्किट हाउस में ही बैठक होगी।
सुबह साढ़े दस से दोपहर डेढ़ बजे तक होने वाली बैठक में मंदिर की फाइनल नींव पर मुहर लग जाएगी। इसके साथ ही आगामी तीन महीने के मास्टर प्लान पर भी चर्चा की जाएगी।
राममंदिर निर्माण समिति की बैठक में नृपेंद्र मिश्र, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी गोविंददेव गिरि, डॉ. अनिल मिश्र, बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र, एके मित्तल, जगदीश एस अफले , राममंदिर के आर्किटेक्ट आशीष सोमपुरा सहित टाटा, एलएंडटी, एनजीआरआई हैदराबाद सहित मंडलायुक्त, डीएम व नगर आयुक्त भी शामिल होंगे।