किसानों को कर्जमाफी का प्रमाण पत्र देकर राजनाथ बोले, नए भारत के लिए नए यूपी का निर्माण जरूरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि नए भारत के निर्माण के लिए नए यूपी का निर्माण करना होगा। बिना इसके नए भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। आज चीन प्रति हेक्टेयर 6000 किलो अनाज का उत्पादन करता है जबकि भारत में यह सिर्फ 2000 किलो तक सीमित है।
केंद्र सरकार कुछ ही वर्षों में 6000 किलो प्रति हेक्टेयर उत्पादन प्राप्त करने का प्रयास कर रही है। इसके लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों को केंद्र में रखकर काम करने के लिए योगी सरकार की जमकर तारीफ की।
राजनाथ यहां ऋणमोचन योजना के लाभार्थियों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में 7,574 किसानों को कर्जमाफी के लिए प्रमाण पत्र दिए गए। उन्होंने कहा कि नेता चुनाव में वादे तो खूब करते हैं लेकिन पूरा नहीं करते।
इससे जनता में नेताओं की विश्वसनीयता कम होती गई, लेकिन योगी आदित्यनाथ सरकार ने लघु व सीमांत किसानों से किए गए चुनावी वादे को शत-प्रतिशत पूरा कर कथनी-करनी में अंतर नहीं आने दिया। आज किसान फसली ऋण की बेड़ियों से मुक्ति पा रहे हैं। यह अवसर किसानों के लिए किसी पर्व-त्योहार से कम नहीं है।
किसान ऑर्गेनिक खेती करें, सरकार फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाए
राजनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों की आमदनी दोगुनी करने के लिए काम कर रहे हैं। कम प्रीमियम-अधिक बीमा को मूल में रखकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू की। इसमें 90 से 98 प्रतिशत प्रीमियम सरकार अदा करती है।
किसानों को देश में किसी भी मंडी में अपनी उपज बेचकर अधिकतम मूल्य प्राप्त करने के लिए ई-एनएएम पोर्टल शुरू किया। इससे 585 कृषि मंडियां ऑनलाइन हो गईं। किसानों को उपज की उचित कीमत मिले, इस पर काम हो रहा है।
गृहमंत्री ने उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों से ऑर्गेनिक खेती अपनाने का आह्वान किया। साथ ही प्रदेश सरकार को ज्यादा से ज्यादा फूड प्रोसेसिंग यूनिट शुरू करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इसमें हरसंभव मदद देगी। उन्होंने योगी से आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए भी कदम उठाने का आग्रह किया।