लखनऊ महोत्सव की तैयारियों ने पकड़ा जोर, उप समितियों का गठन 20 अक्तूबर तक करने का निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आशियाना के स्मृति उपवन स्थल में 25 नवंबर से होने जा रहे लखनऊ महोत्सव की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। महोत्सव से जुड़े कामों को समय पर पूरा कराने के लिए उप समितियों का गठन भी 20 अक्तूबर तक करने के निर्देश आयोजन समिति के अध्यक्ष व मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम ने दिए हैं।
वहीं आयोजन समिति ने 25 अक्तूबर तक स्मृति उपवन स्थल के मैदान का समतलीकरण कराने का निर्देश नगर निगम व एलडीए के अधिकारियों को दिया है। इसके बाद ही समिति द्वारा निर्धारित ले-आउट के आधार पर महोत्सव में सजने वाले पंडालों व सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए विशेषतौर पर तैयार होने वाले जर्मन हैंगर का निर्माण शुरू कर इसे 15 नवंबर तक पूरा कराया जाएगा।
प्रभारी अधिकारी व एडीएम सिटी पूर्वी वैभव मिश्रा ने बताया कि मैदान समतलीकरण कार्य में तेजी लाते हुए फूड कोर्ट स्थल व मनोरंजन जोन के तहत लगने वाले झूला स्थल इलाके को समतल बनाने व बड़ी घास हटवाने का काम 25 अक्तूबर तक पूरा करने का निर्देश एलडीए व नगर निगम के अधिकारियों को दिया गया है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव समिति के उपाध्यक्ष व डीएम कौशल राज शर्मा की अध्यक्षता में प्रस्तावित बैठक में महोत्सव के ले-आउट निर्धारण, मुख्य अतिथियों के आमंत्रण, उद्घाटन व समापन, सुरक्षा, प्रवेश टिकट दर निर्धारण, स्मृति चिन्ह तथा प्रायोजक, शिल्प मेले, प्रदर्शनी व सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अन्य सभी छोटे बड़े कार्य की तिथियों का निर्धारण कर किया जाएगा। सभी काम समय पर निपटाने को उप समितियों का गठन 20 अक्तूबर तक कर लिया जाएगा।
टेंडर प्रक्रिया का काम भी शुरू
महोत्सव स्थल में पंडाल व अन्य तरह के निर्माण से संबंधित कार्यों की निविदाएं, सजने वाले झूलों और सांस्कृतिक पंडाल व व्यवसायिक पवेलियन आदि बनवाने से जुड़े कामों की टेंडर प्रक्रिया का काम भी शुरू हो गया है।
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उन्हें प्रस्तुत करने वाले कलाकारों के चयन की प्रक्रिया को भी आयोजन समिति की अगले सप्ताह प्रस्तावित बैठक में अंतिम दिया जाएगा।