प्रेतात्मा से मुक्ति दिलाने के लिए तांत्रिक ने महिला को पेड़ से लटका लगाई आग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाल्हाराई गांव में दहेज में बाइक न मिलने से नाराज पति और ससुराल वालों ने महिला को प्रेत आत्मा के साए से मुक्ति दिलाने के बहाने उसे मारा पीटा।
इसके बाद एक तांत्रिक से मिलकर उसे पेड़ पर लटकाकर नीचे आग लगा दी, जिससे महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के पिता ने कोतवाली देहात में पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज व प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के मधईपुर के रहने वाले सांवला प्रसाद मिश्र ने कोतवाली देहात में शनिवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने अपनी बेटी गोल्डी की शादी तीन साल पहले थाना वजीरगंज क्षेत्र के बाल्हाराई गांव निवासी सत्यनरायन मिश्र के बेटे राकेश मिश्र के साथ की थी।
शादी के कुछ दिनों बाद ससुराल वाले दहेज में बाइक की मांग करने लगे। इसके लिए वे गोल्डी को प्रताड़ित किया करते थे। इसी बीच गोल्डी ने एक बेटे को जन्म दिया।
बाइक न मिलने से नाराज थे ससुराल वाले
सांवला प्रसाद के मुताबिक बाइक न मिलने से नाराज ससुराल वालों ने गोल्डी पर आरोप लगाना शुरू कर दिया कि उसे प्रेत आत्मा ने जकड़ रखा है। सांवला प्रसाद का आरोप है कि बीते दिनों ससुराल वाले प्रेत आत्मा के साए से गोल्डी को मुक्ति दिलाने के बहाने उसे बटौरा बख्तावर सिंह स्थित एक तांत्रिक के यहां ले गए।
वहां तांत्रिक के संग मिलकर गोल्डी को एक पेड़ से लटका दिया और नीचे आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस मामले में सांवला प्रसाद ने कोतवाली देहात में पति राकेश कुमार मिश्र, ससुर सत्यनरायन मिश्र, देवर स्वामी दयाल मिश्र, जेठ बद्रीदयाल मिश्र के खिलाफ दहेज व प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की जांच की जा रही है।