लग्जरी कार में पुलिस को मिला 13 लाख रुपये से भरा बैग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही गाड़ियों की चेकिंग तेज हो गई है। शुक्रवार की देर शाम त्रिपुला चौराहे पर एक लग्जरी कार में 13 लाख रुपयों से भरा बैग बरामद हुआ। लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस को यह कामयाबी मिली।
पुलिस ने कार ड्राइवर व बैग लेकर जा रहे एक अन्य को हिरासत में ले लिया है। दोनों से शहर कोतवाली में पूछताछ की जा रही है। ये लोग रुपये कहां से लाकर और कहां ले जा रहे थे, इसकी पड़ताल पुलिस कर रही है।
शुक्रवार देर शाम एसडीएम सदर शैलेंद्र मिश्र और सीओ सिटी श्वेता श्रीवास्तव की अगुवाई में वाहनों की चेकिंग चल रही थी। सदर कोतवाल सुधीर चंद्र पांडेय और मिल एरिया थानेदार विमल कुमार वाहनों से नीली बत्ती और शीशों पर चढ़ी काली फिल्म उतरवा रहे थे। इसी दौरान लखनऊ की ओर से आ रही एक सफेद रंग की लग्जरी कार दिखी।
भारी मात्रा मे रुपये देख सकते में आए अफसर
यह नगदी दो हजार के नए नोट के अलावा 100, 50 के नोट कपड़े रखने वाले एक बैग में रखे थे। भारी मात्रा में रुपये देख अफसर सकते में आ गए। अफसरों ने ड्राइवर व एक अन्य को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए लोगों में एक टोल का सहायक मैनेजर
एसएसआई संजय सिंह ने बताया कि नकदी और कार के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक कार का ड्राइवर सूर्यभान निवासी फतेहपुर है और दूसरा नागपुर का रहने वाला निखिल कसकरे शामिल है। निखिल कसकरे खुद को बहराइच स्थित नानपारा टोल का सहायक मैनेजर बता रहा है।
टोल का बता रहे रुपया पर भरोसा नहीं
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए लोग पूछताछ में टोल टैक्स का रुपया होने की बात कह रहे हैं। इनका कहना है कि रुपये इलाहाबाद में किसी बैंक में जमा करने थे। इसीलिए रुपये लेकर इलाहाबाद जा रहे थे, लेकिन पुलिस पकड़े गए लोगों की इस कहानी पर विश्वास नहीं कर रही है।
पुलिस का मानना है कि नगदी किसी भी बैंक में जमा की जा सकती है, इसके लिए उसे इलाहाबाद ले जाने की क्या जरूरत है। दोनों के पास कोई दस्तावेज भी नहीं बरामद हुआ है।
इस पर सीओ सिटी श्वेता श्रीवास्तव का कहना है कि वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से करीब 13 लाख रुपये बरामद हुए हैं। रुपये लेकर दो लोग लखनऊ की तरफ से आ रहे थे। नगदी और कार के साथ दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। इसकी सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है।