पत्नी को जहर देकर खुद गटकीं नशे की गोलियां, वाइफ की मौत, गिरफ्तार
मायके वालों की शिकायत पर सआदतगंज पुलिस ने पति, सास व नंदोई पर प्राथमिकी दर्ज की और बृहस्पतिवार को पति को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक महेश पाल सिंह ने बताया कि मोहल्ला रुस्तमनगर निवासी नुसरत ने वजीरगंज के लाल मसजिद बारूदखाना गोलागंज निवासी अपने दामाद रजा हुसैन, उसकी मां शाहिदा व बहनोई हसन रिजवी पर बेटी नाजिया फातिमा को दहेज व संतान न होने पर प्रताड़ित करने और जहर देकर मार डालने की प्राथमिकी दर्ज कराई।
नुसरत का कहना है कि 9 अक्तूबर 2011 को नाजिया की शादी रजा हुसैन से हुई थी। कुछ दिनों बाद उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा। संतान न होने से यातनाएं और बढ़ गईं। किसी तरह गुजारा कर रही नाजिया प्राइवेट नौकरी करके घर के खर्च में हाथ बंटाती थी।
ससुराल वालों ने 2 अप्रैल 2019 को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस पर वह मायके में रह रही थी। नुसरत का कहना है कि 13 अप्रैल की सुबह मायके से करने निकली नाजिया को रजा हुसैन ने अज्ञात लोगों की मदद से रास्ते से अगवा कर लिया।
उन्नाव पुलिस ने टरकाया
रोजाना कार्यालय पहुंचकर फोन करने वाली नाजिया की कॉल न आने पर नुसरत ने उसका नंबर डायल किया। फोन रिसीव न होने से परेशान थी। इस बीच दोपहर में उन्नाव के पुलिसकर्मी ने कॉल रिसीव की। पता चला कि नाजिया सोहरामऊ इलाके के गांव हिनौरा में एक खेत में बेहोश मिली है।
उसके साथ एक युवक भी बेहोश पड़ा था। परिवारीजन नवाबगंज अस्पताल पहुंचे। तब तक नाजिया दम तोड़ चुकी थी। पता चला कि उसका पति रजा हुसैन भी खेत में बेहोश मिला था। डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
वहां कुछ समय बाद उसकी हालत सुधरने लगी और अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। आरोप है कि दूसरी शादी के लिए रजा हुसैन ने साजिश रचकर नाजिया को जहर खिलाया और खुद नशे की गोलियां गटक ली थीं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रजा हुसैन को गिरफ्तार करके पूछताछ की गई। अन्य आरोपियों की संलिप्तता की पड़ताल जारी है। सुबूत एकत्र करके उन्हें भी पकड़ा जाएगा।
नुसरत का कहना है कि बेटी की मौत पर उसने उन्नाव के सोहरामऊ थाने में कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव सौंपा, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की। पुलिसकर्मियों ने उसे लखनऊ का रास्ता दिखा दिया। इस पर बुधवार को सआदतगंज के प्रभारी निरीक्षक से कार्रवाई की मांग की थी।