पुराने मदरसा शिक्षकों पर होगी मेहरबानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मदरसा शिक्षकों को राज्य पुरस्कार देने के लिए प्रदेश सरकार ने नियमावली जारी कर दी है। अब सरकार हर साल नौ मदरसा शिक्षकों को राज्य पुरस्कार से सम्मानित करेगी। इसके लिए शिक्षक के पास 15 वर्ष का नियमित शिक्षण का अनुभव होना जरूरी होगा। निशक्त शिक्षकों के लिए 10 वर्ष का अनुभव रखा गया है।
राज्य स्तरीय पुरस्कार तय करने के लिए सरकार ने दो स्तरीय समिति बनाने का निर्णय लिया है। इनमें पहली समिति डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय होगी।
इसमें डायट प्राचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सदस्य होंगे। दूसरी समिति प्रमुख सचिव अल्पसंख्यक कल्याण की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय होगी।
इसमें बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से नामित विशेष सचिव, प्रमुख सचिव वित्त द्वारा नामित विशेष सचिव, रजिस्ट्रार यूपी मदरसा शिक्षा परिषद, राज्य सरकार द्वारा नामित दो ख्याति प्राप्त शिक्षाविद् व निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण इसके सदस्य होंगे। पुरस्कारों के लिए हर वर्ष विज्ञापन जारी किए जाएंगे।
अन्य शिक्षकों पर भी होगा विचार
आवेदन करने वाले शिक्षकों के अलावा अन्य स्रोतों से प्राप्त नामों को भी जिला स्तरीय समिति के सामने रखा जाएगा। जिला स्तरीय समिति इन प्रस्तावों पर अपनी संस्तुति के बाद इसे निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण के पास भेजेगी।
यहां पर प्रस्तावों का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद इन्हें राज्य स्तरीय समिति के पास भेजा जाएगा। प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में गठित राज्य स्तरीय समिति राज्य पुरस्कारों को फाइनल करेगी।
राज्य पुरस्कार के लिए अर्हता
-प्रधान अध्यापक व सहायक अध्यापक के रूप में 15 वर्ष का नियमित शिक्षण अनुभव
-विशिष्ट श्रेणी (निशक्तजन) शिक्षकों के लिए 10 वर्ष अनुभव
-शिक्षक की स्थानीय समुदाय में छवि अच्छी हो
-शिक्षक की शैक्षिक क्षमता उत्तम हो
-छात्र-छात्राओं के प्रति वास्तविक स्नेह रखने वाले हों
-विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रेरित करने वाले हों
-समुदाय में शिक्षक की सहभागिता एवं नेतृत्व प्रदान करने की क्षमता हो
-शिक्षा के क्षेत्र में कोई उत्कृष्ट कार्य या अनुभव प्रयोग हो
चयन में इन बातों पर होगा ध्यान
-शिक्षक के खिलाफ किसी भी प्रकार की विभागीय कार्रवाई न चल रही हो
-कोई विधिक या सतर्कता आदि से संबंधित जांच न चल रही हो
-शासकीय धन का गबन न किया गया हो
-किसी आंदोलन में हिंसा एवं सरकारी संपत्ति की क्षति पहुंचाने का दोषी न हो
-किसी न्यायालय द्वारा दंडित न किया गया हो
किस मदरसे के कितने शिक्षक होंगे सम्मानित
तहतानिया (कक्षा एक से पांच तक)- तीन शिक्षक
फौकानिया (कक्षा छह से आठ तक)- तीन शिक्षक
आलिया (कक्षा नौ व10)- तीन शिक्षक
पुरस्कार में यह मिलेगा
-10 हजार रुपये नगद
-चांदी का पानी चढ़ा एक पदक
-सम्मान में एक शॉल
-राज्य परिवहन निगम की बसों में एक साल में 4000 किलोमीटर की मुफ्त यात्रा
-एक वेतन वृद्धि