लखनऊ: सिपाही ने मूसल से वार कर पत्नी को मार डाला, वारदात के बाद दो घंटे तक मकान मालिक से करता रहा बातचीत
हत्या के बाद आरोपी अपने बेटे को लेकर नीचे रहने वाले मकान मालिक के पास सुबह करीब सात बजे पहुंचा। वहां वह मकान मालिक से इधर-उधर की बातें करने लगा। करीब दो घंटे तक आरोपी मकान मालिक से पारिवारिक जिंदगी को लेकर बातचीत करता रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जेसीपी एलओ कार्यालय स्थित जन सूचना प्रकोष्ठ में तैनात हेड कांस्टेबल हिमांशु श्रीवास्तव ने पत्नी रश्मि श्रीवास्तव (40) के सिर पर मूसल (इमामदस्ते) से वार कर हत्या कर दी। रविवार दोपहर मकान मालिक को घटना का पता चला। उन्होंने पुलिस और रश्मि के मायके वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी हिमांशु को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या की वजह नहीं बताई है। पुलिस हत्या के पीछे पारिवारिक कलह को वजह मान रही है।
एसीपी महानगर अंकित कुमार ने बताया कि मूलरूप से अयोध्या के निरालानगर खोजनपुर निवासी हिमांशु वर्ष 2011 बैच का सिपाही है। मौजूदा समय में वह जेसीपी एलओ कार्यालय स्थित जन सूचना प्रकोष्ठ में तैनात है। उसकी शादी वर्ष 2015 में अंबेडकरनगर के मालीपुर तहापुर निवासी रश्मि से हुई थी। दोनों का एक वर्षीय बेटा तन्मय है। हिमांशु मौजूदा समय में महानगर के पेपर मिल कॉलोनी निवासी अंशु श्रीवास्तव के मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रहता था।
हत्या कर दो घंटे तक मकान मालिक से करता रहा बातचीत
एसीपी ने बताया कि घटना रविवार सुबह की है। हत्या के बाद आरोपी हिमांशु बेटे को लेकर नीचे रहने वाले मकान मालिक के पास सुबह करीब सात बजे पहुंचा। वहां वह मकान मालिक से इधर-उधर की बातें करने लगा। करीब दो घंटे तक आरोपी मकान मालिक से पारिवारिक जिंदगी को लेकर बातचीत करता रहा। उसकी बातचीत पर मकान मालिक को शक हुआ। उन्होंने जब हिमांशु से उसकी पत्नी रश्मि के बारे में पूछा तो पहले उसने बताया कि रश्मि गिरकर घायल हो गई हैं। कुछ देर बाद उसने बताया कि पत्नी की मौत हो चुकी है।
बेटे के साथ कमरे में मौजूद मिला आरोपी
हिमांशु की बात सुनते ही मकान मालिक भागकर उसके कमरे में पहुंचे। वहां रश्मि का शव बेडरूम में बिस्तर पर पड़ा मिला। कमरे में खून बिखरा था और रश्मि का शव नीला पड़ चुका था। मकान मालिक ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। खबर पाकर डीसीपी मध्य विक्रांत वीर, एडीसीपी मध्य जितेंद्र कुमार दुबे, एसीपी महानगर और महानगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी हिमांशु मासूम बेटे को गोद में लिए कमरे में ही बैठा था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। खबर पाकर रश्मि के परिजन भी घटनास्थल पहुंच गए। एसीपी ने बताया कि रश्मि के भाई सौरभ श्रीवास्तव की तहरीर पर हिमांशु के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.