बाराबंकी में सफदरगंज थाना क्षेत्र के दादरा गांव के समीप हाईवे पर एक मैक्स जीप की अचानक स्टेयरिंग फेल होने से वह अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। घने कोहरे के चलते हुए इस हादसे में जीप सवार एक दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पुलिस विभाग के एक सिपाही समेत नौ लोग घायल हुए है। घायलों में दो को ट्रॉमा सेंटर व अन्य सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सफदरगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह हाईवे पर फैजाबाद की ओर से आ रही एक महिंद्रा मैक्स जीप दादरा गांव के पास स्टेयरिंग फेल होने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए दूसरी पटरी पर जाकर हाईवे किनारे पेड़ से टकराकर खड्ड में जा गिरी। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ब्रजेश सिंह ने पुलिस टीम के साथ वाहन में फंसी सवारियों को बाहर निकवाया।
हादसे में फैजाबाद के अमहटा हराखपुर थाना रूदौली निवासी कृष्णकुमार उर्फ पप्पू (40) और उसकी पत्नी गुड़िया (38) के अलावा थाना रुदौली के ग्राम बैहरी निवासी संतोष कुमार मिश्रा (40) की मौत हो गई। इसके अलावा जीप में सवार पुलिस विभाग के सिपाही जगप्रसाद निवासी ग्राम बड़ागांव थाना रौनाही फैजाबाद जो वर्तमान समय में हाईकोर्ट लखनऊ में तैनात है, भानु प्रताप मिश्रा निवासी जुनेदपुर थाना पटरंगा फैजाबाद, रामेश्वरनाथ गोस्वामी निवासी ग्राम बड़ागांव थाना पटरंगा, अर्जुन यादव निवासी पूरे राजवल थाना मवई, पंकज कुमार निवासी खपरैला थाना मवई, शुभम निवासी बेहटा गोहनिया थाना अमानीगंज, सरफुद्दीन निवासी बरहरा थाना मवई व कृष्णकुमार निवासी ग्राम आधारपुरवा थाना रामसनेहीघाट बाराबंकी व गोकरननाथ निवासी बड़ागांव रौनाही फैजाबाद घायल हो गये।
जबकि जीप चालक मौके से भाग निकला। सभी घायलों को पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से सिपाही व जीप चालक को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।