ग्राम विकास अधिकारी के 16000 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू 28 मार्च से
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के लगभग 16000 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू 28 मार्च से होगा। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने इंटरव्यू कार्यक्रम तय कर दिया है। यह संभवत: तीन महीने तक चलेगा। मंगलवार को आयोग के चेयरमैन सीबी पालीवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
पालीबाल ने बताया कि होली के बाद इंटरव्यू से संबंधित सूचना व अभ्यर्थियों का बुलावा पत्र आयोग की वेबसाइट www.upsssc.gov.in पर अपलोड कर दिया जाएगा।
बता दें, पिछली सपा सरकार के कार्यकाल में ग्राम विकास अधिकारी के 16000 रिक्त पदों की भर्ती निकाली गई थी। इसकी लिखित परीक्षा हो चुकी है। यही नहीं इस क्रम में लगभग 3100 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू भी हो चुका है।
मगर कुछ अभ्यर्थियों द्वारा भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बाद इंटरव्यू की प्रक्रिया रोक दी गई। इसी बीच प्रदेश में सरकार बदल गई और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को भी भंग कर दिया गया। आयोग के गठन के बाद अब स्थगित इंटरव्यू प्रक्रिया को शुरू करने का फैसला किया गया है।
3100 अभ्यर्थियों का होगा दोबारा इंटरव्यू
आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि इस बार किसी तरह के विवाद से बचने के लिए पहले इंटरव्यू दे चुके 3100 अभ्यर्थियों का भी दोबारा इंटरव्यू लिया जाएगा। हालांकि पहले चरण में उन अभ्यर्थियों का इंटरव्यू होगा, जिनका इंटरव्यू नहीं हुआ था। इनके बाद पहले वाले अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चूंकि अभ्यर्थियों की संख्या काफी है, इसलिए इंटरव्यू की प्रक्रिया लगभग तीन महीने तक चलेगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा।
युवा कल्याण विभाग के 696 पदों पर होगी भर्ती
उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग जल्द ही युवा कल्याण विभाग के रिक्त 696 पदों पर करेगा। इनमें युवा कल्याण अधिकारी के 652 और व्यायाम अधिकारी के 44 पद शामिल हैं। यह आयोग के पुनर्गठन के बाद पहली भर्ती होगी।
आयोग की बैठक में इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को शुरू करने को मंजूरी दे दी गई है। इन पदों पर भर्ती के लिए 10 मार्च से ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। आयोग के अध्यक्ष के मुताबिक इन पदों पर 10 मार्च से पूर्ण आयोग की वेबसाइट पर विस्तृत जानकारी अपलोड कर दी जाएगी।