टीम इंडिया का जीत से आगाज, वनडे सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश को हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीम इंडिया की अंडर-23 टीम ने बांग्लादेश को 34 रन से हराते हुए पांच मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल की। भारत के 192 रन के जवाब में बांग्लादेशी टीम 158 रन बनाकर आउट हो गई। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेले गए सीरीज के पहले मुकाबले में दोनों टीमों के गेंदबाजों का दबदबा रहा। विजेता टीम से यूपी के आर्यन जुयाल ने 86 गेंदों पर 69 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि शुभंग, ऋतिक और यशस्वी ने दो-दो विकेट हासिल किए।
बांग्लादेशी गेंदबाजी में उलझे मेजबान
इससे पहले बांग्लादेश टीम के कप्तान मो. सैफ हसन ने टास जीतकर भारतीय टीम को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। पारी की तीसरी ही गेंद पर बांग्लादेशी पेसर हैदर रॉनी ने भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी भूपेंद्र जायसवाल (0) का स्टंप उखाड़ दिया। तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करने आए बीआर शरथ ने माधव के साथ पारी को आगे बढ़ाया और स्कोर को 64 रन तक ले गए। यहां शरथ 57 गेंदों पर 42 रन की उपयोगी पारी खेलकर शफीकुल इस्लाम की गेंद पर अली अमीन द्वारा लपके गए। कुछ देर के बाद माधव कौशिक (20) और कप्तान प्रियम गर्ग (4) हसन मिर्जा का शिकार बने।
आर्यन ने अहम पारी खेली
एक समय भारतीय टीम ने 99 रन पर पांच विकेट खो दिए। यहां आर्यन जुयाल ने एक छोर पर लंगर डालते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने 86 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 67 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। टीम से दूसरे छोर विकेट नियमित रूप से गिरते रहे। भारत ने 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 192 रन बनाए। बांग्लोदश की ओर से मेंहदी हसन मिर्जा ने 29 रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि अबू हैदर और मो. सैफ दो-दो विकेट लेने में सफल रहे।
आसान लक्ष्य के आगे बिखरी बांग्लादेश की टीम
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दो रन योग पर शब्बीर हुसैन खाता खोले बगैर सौरभ दुबे का शिकार बने। अभी टीम का स्कोर 21 रन की पहुंचा था कि टीम के दूसरे सलामी बल्लेबाज मो. सैफ हसन छह रन के निजी योग पर अतित सेठ की गेंद पर बोल्ड हुए। 45 रन के योग पर आधी टीम पवेलियन लौट गई। इसके बाद अरीफुल हक ने 38 और मेंहदी हसन मिर्जा ने 20 रन बनाकर पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनके आउट होते ही बांग्लादेशी टीम दबाव में आ गई और नौ विकेट खोकर 158 रन बना सकी।
जाकिर के चोटिल होते ही मेहमान की उम्मीदें भी टूटी
हालांकि बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन शीर्षक्रम पर जाकिर हसन ने एक छोर संभाला और टिककर बल्लेबाजी करते हुए मेहमान टीम की आस बनाए रखी। 48 रन के निजी योग पर उन्हें रन लेते वक्त पैरों में खिंचाव आ गया और मुश्किल वक्त मे उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। यहां बांग्लादेशी टीम की जीत की संभावनाएं धूमिल हो गई।
इकाना स्टेडियम के ड्रेनेज सिस्टम का जवाब नहीं
पर दर्शकों का रहा टोटा
50 हजार की कुल क्षमता वाले स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में दर्शकों का टोटा रहा। दरसअल, भारतीय अंडर-23 क्रिकेट टीम में कोई बड़ा खिलाड़ी नहीं शामिल हुआ। इस कारण यहां आकर मैच देखने में प्रशंसकों ने रुचि नहीं दिखाई, जबकि यहां कोई भी प्रवेश शुल्क भी नहीं है।