अब इटावा के साहित्यकार के नाम पर दिया जाएगा सम्मान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान में शनिवार को 66 साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।
संस्थान के यशपाल सभागार में हिंदी दिवस पर होने वाले समारोह में मुख्य अतिथि सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव और संस्थान के अध्यक्ष मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने साहित्यकारों को स्मृतिचिह्न व सम्मान राशि देकर अलंकृत किया।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मौके पर अगले साल से दो नए सस्मान 'व्यंग्य भूषण' और 'विधि भूषण' दिए जाने की घोषणा की जिसमें साहित्यकारों को दो-दो लाख की राशि दी जाएगी।
'व्यंग्य भूषण' इटावा के साहित्यकार श्री नारायण चतुर्वेदी के नाम पर दिया जाएगा। सीएम ने यह भी कहा कि विदेशी साहित्यकारों के लिए भी प्रदेश सरकार एक तोहफा लाएगी। जिसके तहत उनके आने-जाने और ठहरने का पूरा खर्च प्रदेश सरकार के जिम्मे होगा।
संस्थान के वर्ष 2012 का सर्वोच्च पुरस्कार ‘भारत भारती’ पद्मभूषण डॉ. गोपालदास नीरज को दिया गया। इसके तहत उन्हें पांच लाख दो हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
बनारस के डॉ. चौथी राम यादव को लोहिया साहित्य सम्मान से नवाजा गया। वरिष्ठ साहित्यकार सोम ठाकुर को हिंदी गौरव सम्मान, मन्नू भंडारी को महात्मा गांधी साहित्य सम्मान, डॉ. बलदेव बंशी को पं. दीनदयाल उपाध्याय सम्मान और चित्रा मुद्गल को अवंती बाई सम्मान प्रदान किया गया।
इन सभी को चार-चार लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं, अशोक निगम को मधु लिमये सम्मान और तिरुवनंतपुरम की केरल हिंदी प्रचार सभा को राजर्षि पुरुषोत्तम टंडन सम्मान दिया गया।
निदेशक डॉ. सुधाकर अदीब ने बताया कि कुल 112 पुरस्कारों का वितरण होना था, लेकिन शनिवार के कार्यक्रम में 66 साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। अन्य साहित्यकारों को डाक के जरिए स्मृति चिह्न व पुरस्कार राशि भेज दी गई है।
समारोह में लोकभूषण से डॉ. अवध किशोर जड़िया, कला भूषण से वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. सूर्यमोहन कुलश्रेष्ठ, विद्याभूषण से डॉ. अशोक चक्रधर, विज्ञान भूषण से प्रो. कृष्णा मुखर्जी, पत्रकारिता भूषण से त्रिलोकदीप, प्रवासी भारतीय हिंदी भूषण से तेजेंद्र शर्मा और बाल साहित्य भारती से प्रकाश मनु का सम्मान हुआ।
हिंदी विदेश प्रसार सम्मान डॉ. विमलेश कांति वर्मा और विश्वविद्यालय स्तरीय सम्मान प्रो. आरिफ नजीर-डॉ. सोमेश शुक्ला को दिया गया।