यूपी के मतदाताओं ने रचा इतिहास, 66 साल में पहली बार 61 फीसदी मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के चुनावी इतिहास में पहली बार जनता मतदान देने में फर्स्ट क्लास पास हुई है। 17वीं विधानसभा के लिए हुए चुनाव में सर्वाधिक मतदान का रिकॉर्ड बना दिया। इस बार के विधानसभा चुनाव में करीब 61 फीसदी लोगों ने मतदान किया है।
इस तरह 66 साल में पहली बार प्रदेश की जनता ने मतदान के मामले में 60 फीसदी का आंकड़ा पार किया है। हालांकि सबसे कम मतदान पहली विधानसभा चुनाव के समय का है। बता दें, वर्ष 1951 में हुए चुनाव में मात्र 38.01 फीसदी मतदान हुआ था।
प्रदेश में विधानसभा के 16 चुनाव हो चुके हैं। इस बार जनता 17वीं विधानसभा के लिए अपने प्रतिनिधि चुन रही है। सातवें व अंतिम चरण का मतदान बुधवार को हुआ। इससे पहले छह चरणों के चुनाव में 362 सीटों पर औसत मतदान 61.18 फीसदी रहा था। अंतिम चरण के मतदान में भी 60.03 प्रतिशत मतदान हुआ है। यह प्रतिशत शाम पांच बजे का है। फाइनल प्रतिशत आने में यह भी थोड़ा बढ़ेगा।
अब सिर्फ अंबेडकरनगर की आलापुर सीट का चुनाव होना बाकी है। यह भी बृहस्पतिवार को हो जाएगा। अभी तक मिले आंकड़ों को देखा जाए तो औसत मतदान 61 फीसदी हो गया है। इससे पहले वर्ष 2012 के चुनाव में 59.40 प्रतिशत मतदान हुआ था।
छह चरणों में ही 96.31 लाख मतदाताओं ने किया अधिक मतदान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी वेंकटेश कहते हैं कि यह खुशी की बात है कि सूबे में पहली बार 60 फीसदी से ऊपर मतदान हुआ है। सातवें चरण का फाइनल प्रतिशत आने के बाद इसमें थोड़ा और इजाफा होगा।
छह चरणों में ही वर्ष 2012 के चुनाव के मुकाबले 96.31 लाख अधिक मतदाताओं ने इस बार मतदान किया है। इसमें 38.72 लाख पुरुष व 57.59 लाख महिलाएं शामिल हैं।
महिलाओं ने सुधारा मतदान प्रतिशत
इस बार के चुनाव में महिलाओं ने मतदान प्रतिशत सुधारा है। बुंदेलखंड, अवध, पूर्वांचल सभी जगहों पर पुरुषों की तुलना में अधिक संख्या में महिलाओं ने मतदान किया है। पूर्वांचल के कई जिलों में तो पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने 15 फीसदी से अधिक वोट दिया है।
विस चुनाव में कब कितना हुआ मतदान
वर्ष--मतदान प्रतिशत
2012--59.40
2007--45.96
2002--53.80
1996--55.73
1993--57.13
1991--48.51
1989--51.43
1985--45.64
1980--44.92
1977--46.14
1974--56.91
1969--54.06
1967--54.55
1962--51.44
1957--44.77
1951--38.01
इस चुनाव में कब कितना रहा मतदान प्रतिशत
पहला चरण (15 जिले, 73 सीट)--63.64
दूसरा चरण (11 जिले, 67 सीट)--65.97
तीसरा चरण (12 जिले, 69 सीट)--61.35
चौथा चरण (12 जिले, 53 सीट)--59.28
पांचवां चरण (11 जिले, 51 सीट)--57.30
छठा चरण (7 जिले, 49 सीट)--56.98
सातवां चरण (7 जिले, 40 सीट)--60.03