टीचर से लाखों ले उड़े बंटी-बबली, SMS कर बताया क्यों की ठगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेहमान बनकर आए बंटी-बबली ने लामार्टीनियर गर्ल्स स्कूल की टीचर इंदिरानगर निवासी सोनिया रॉड्रिक्स को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। दोनों ने पहले सोनिया के बेटे की दुबई में नौकरी लगवाने समेत अन्य बहाने बनाकर रुपये वसूले। शक होने पर बंटी-बबली ने घर से कीमती सामान समेटा और सोनिया की कार लेकर भाग गए।
सोनिया ने गाजीपुर थाना में धोखाधड़ी व चोरी की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। इंदिरानगर के देवाशीष अपार्टमेंट निवासी सोनिया ने बताया कि उनके पति जॉन रॉड्रिक्स की दूर की रिश्तेदार जानकीपुरम निवासी नतालिया अब्राहम उर्फ गैब्रियल व उसका पति डेनिन टॉम अब्राहम अगस्त में घर आए थे।
नतालिया ने बताया कि लखनऊ में कुछ दिन का जरूरी काम है। चूंकि उसने परिवारीजनों के विरोध के बावजूद विकासनगर निवासी डेनिन टॉम से लव मैरिज की है इसलिए अपने घर पर नहीं रह सकती। रिश्तेदार होने के नाते जॉन ने दोनों को रुकने की इजाजत दे दी।
डेनिन ने खुद को आर्मी में अधिकारी बताया। अक्सर वह सेना की वर्दी में घर आता-जाता था। उसने रसूखदार लोगों से संबंध बताते हुए सोनिया के बेटे एंड्रयूज को अमीरात एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। नौकरी के नाम पर उसने जॉन से तीन लाख रुपये भी लिए।
एसएमएस कर कहा, सॉरी
कभी वीजा में नाम की स्पेलिंग गलत लिखी होने तो कभी ईद की छुट्टी के चलते फ्लाइट निरस्त होने का झांसा देकर वह टरकाता रहा। सोनिया को उसकी बातचीत और हावभाव से शक होने लगा तो उसने दो अक्तूबर की रात दो चेन, दो सूटकेस, एंड्रयूज का पर्स जिसमें एटीएम कार्ड, 2000 रुपये व अन्य कीमती सामान समेट कर वैगन आर कार से भाग गए।
ये कार सोनिया ने एक साल पहले ही खरीदी थी। सुबह फ्लैट का दरवाजा खुला और दोनों को गायब देखकर सोनिया के होश उड़ गए। गार्ड ने बताया कि सुबह चार बजे डेनिन कार में पत्नी नतालिया को लेकर आया था। उसने नतालिया को रेलवे स्टेशन छोड़ने की बात कहकर चला गया।
तीन अक्तूबर को डेनिन ने जॉन और एंड्रयूज के मोबाइल फोन पर एसएमएस करके सॉरी कहा। उसने लिखा कि प्लीज, पुलिस से शिकायत मत करना। मेरे पास रुपये नहीं हैं इसलिए कार लेकर जा रहा हूं। कार जल्द वापस मिल जाएगी और रुपये भी लौटा दूंगा।
डेनिन ने सोनिया की एक्टिवा स्कूटर भी हड़प ली। वह अक्सर स्कूटी लेकर चला जाता था। एक दिन स्कूटी खराब होने पर मरम्मत के लिए गोमतीनगर के एक मैकेनिक को देने की बात कही। इसके बाद सोनिया ने कई बार स्कूटी के लिए पूछा लेकिन डेनिन कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देता।
कानपुर में मिली मोबाइल की लोकेशन
सोनिया का कहना है कि उसने धोखाधड़ी कर किसी को स्कूटी बेच दी है। इसके अलावा एंड्रयूज को झांसा देकर उसने मोबाइल फोन भी हड़प लिया। डेनिन ने कहा कि मोबाइल फोन पुराना हो गया है। मुंबई में उसका एक दोस्त आईफोन लाया है। उसने आईफोन आते ही एंड्रयूज को देने का वादा किया।
इसके अलावा कैनन का कीमती कैमरा व एक अन्य मोबाइल फोन भी हड़प लिया। नतालिया ने कहा था कि डेनिन सेना की छापा मारने वाली टीम में है। यह टीम रात को काम करती है। डेनिन दिनभर घर पर रहता और रात को वर्दी में निकलता था। इस बारे में किसी से कुछ न कहने को धमकाता भी था।
एंड्रयूज ने बताया कि तीन अक्तूबर को नतालिया और डेनिन के भागने की जानकारी के बाद पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने डेनिन के मोबाइल फोन की लोकेशन खंगाली जो कानपुर में मिली। इसके बाद फोन स्विच ऑफ हो गया। दोनों के दिल्ली जाने की आशंका है। फोन सर्विलांस पर लगाए गए हैं।