लखनऊ। 64 यूपी बटालियन एनसीसी की लखनऊ विश्वविद्यालय कंपनी के पूर्व कैडेट आदित्य प्रताप सिंह भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त कर चुके हैं। उन्हें ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी, चेन्नई से यह उपलब्धि हासिल हुई है। उनकी पोस्टिंग 25 मराठा लाइट इन्फैंट्री में हुई है। वे लविवि में वर्ष 2020-2023 बैच के कैडेट थे।
आदित्य का चयन ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी, चेन्नई के लिए हुआ था। चयन के समय वह एलएलबी की पढ़ाई कर रहे थे। कमीशन प्राप्त करने के बाद उन्हें आर्मी सर्विस कोर में नियुक्त किया गया है। 64 यूपी बटालियन एनसीसी, लखनऊ विश्वविद्यालय कंपनी के एएनओ अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. रजनीश कुमार यादव ने कहा, आदित्य की सफलता वर्तमान एनसीसी कैडेटों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह दर्शाती है कि अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर परिश्रम के माध्यम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने भी आदित्य प्रताप सिंह को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।