लखनऊ में हजरतगंज स्थित एसएसपी आवास से चंद कदमों की दूरी पर भरे बाजार में मंगलवार शाम को गोलियां तड़तड़ा उठीं। बाइक सवार बदमाशों के निशाने पर बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के प्रतिनिधि शाहिद जाफरी और उनके सगे भाई नामवर जाफरी थे। शाहिद को बायीं ओर सीने के ऊपरी हिस्से में और नामवर को दाहिने कंधे पर गोली लगी है। दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। इस मामले में देर रात जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह व सोना लूट कांड में बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी आवास से चंद कदम दूर तड़तड़ाई गोलियां, गैंगवार की आशंका, पुलिस के छूटे पसीने
प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज राधारमण सिंह के मुताबिक दोनों भाई लखनऊ में मुख्तार अंसारी के कारोबार की देखरेख करते हैं। शाम 6.30 बजे दोनों बुलेट से हबीबुल्ला एस्टेट स्थित मिराज द लाउंज से निकलकर घर जा रहे थे। लाउंज से चंद कदमों की दूरी पर ही एसबीआई के सामने बाइक सवार बदमाशों ने उन पर गोलियां बरसा दीं।
साथियों पर भी झोंका फायर: वारदात के समय शाहिद और नामवर को छोड़ने दो साथी बाहर आए थे। इनमें लाउंज के मालिक का बेटा उमर और नक्खास का वकील आसिफ रिजवी था। गोली चलने के बाद शाहिद और नामवर की बुलेट लड़खड़ाती देख दोनों ने पास पड़ी ईंट बदमाशों पर चलाई। इस पर बदमाशों ने उमर और आसिफ को निशाना करते हुए फायर झोंक दिया। इसी बीच बदमाश हलवासिया मार्केट की ओर भाग निकले। इस दौरान उनका हेलमेट गिर गया।
प्रभारी निरीक्षक राधारमण सिंह के मुताबिक घायल हालत में दोनों भाई बुलेट से सप्रू मार्ग स्थित एसएसपी आवास तक पहुंचे। यहां बुलेट रुकते ही गिर गए। गौतमपल्ली थाने की सरकारी जीप से इन्हें आनन-फानन ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। इसके बाद पुलिस को वारदात की जानकारी हो सकी।
चार राउंड फायरिंग से दहशत
जिस गली में वारदात हुई उसके आसपास कई स्ट्रीट रेस्टोरेंट हैं। यहां काफी भीड़ जुटती है। ऐसे में बाइक सवारों का गोलियां बरसाकर आसानी से निकल जाना पुलिस को खुली चुनौती है। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक बदमाशों ने शाहिद और नामवर पर तीन राउंड गोलियां बरसाईं। वहीं, उमर और आसिफ पर एक राउंड गोली चलाई। इससे अफरा-तफरी मच गई। लोग दहशत से भागने लगे। हालांकि, इंस्पेक्टर हजरतगंज के मुताबिक गोलियां कितनी चली, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।