फेसबुक पर विदेशी लड़कियों से रहें सावधान वरना पड़ेगा भारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लंदन की गोरी मेम बनकर एक शातिर ने गोमतीनगर के विशालखंड निवासी बिजली ठेकेदार सुरेश गुप्ता को 65000 रुपये का चूना लगा दिया। सुरेश ने आईजी रूल्स एंड मैनुअल्स अमिताभ ठाकुर के जरिए एसएसपी से शिकायत की है। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।
सुरेश ने बताया कि 18 दिन पहले उसकी फेसबुक प्रोफाइल पर लंदन के लिवरपूल निवासी लेंडर जेरी की फ्रेंडशिप रिक्वेस्ट आई थी। लेंडर की प्रोफाइल पिक्चर देखकर सुरेश ने उससे दोस्ती कर ली।
उसने चैटिंग में कहा कि इंडिया उसे बेहद पसंद है और जल्द ही वह घूमने आएगी। सुरेश ने जवाब दिया कि इंडिया में अतिथियों को देवता माना जाता है। आपका स्वागत है।
बकौल सुरेश, 17 सितंबर को लेंडर ने एक टिकट की फोटो भेजकर इंडिया आने की सूचना दी। उसने कहा कि 19 को सुबह वह इंडिया पहुंचेगी। सुबह साढ़े नौ बजे लेंडर ने एक मोबाइल नंबर से कॉल की और बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम अफसरों ने उसे रोक लिया है।
उसने पूजा शर्मा नाम की अधिकारी से उसकी बात कराई। पूजा ने कहा कि लेंडर के पास आईफोन और कुछ ज्वैलरी है जिसकी कस्टम ड्यूटी के 65000 रुपये चुकाने के बाद ही उन्हें जाने दिया जाएगा।
ऐसे की ठगाई
सुरेश ने लेंडर को अपना अतिथि बताते हुए उसे छोड़ने का आग्रह किया तो पूजा रुपये कम करने पर राजी हो गई। उन्होंने आईसीआईसीआई बैंक का अकाउंट नंबर और दिल्ली का एक पैन नंबर भेजते हुए 50000 रुपये ट्रांसफर करने को कहा।
सुरेश के रकम ट्रांसफर करने एक घंटे बाद पूजा ने फिर उसे फोन किया और 15000 रुपये और जमा कराने के लिए कहा। उसने कहा कि पूरी रकम जमा किए बिना लेंडर को नहीं छोड़ा जा सकता।
इसके बाद सुरेश ने 15000 रुपये और जमा करा दिए। लेंडर को छोड़ने की बात पर पूजा ने कहा कि वह थक गई हैं इसलिए उन्हें रेस्ट रूम में भेजा जा रहा है। आराम करने के बाद उन्हें जाने दिया जाएगा। कुछ देर बाद सुरेश ने फोन किया तो पूजा ने 147999 रुपये और जमा कराने को कहा।
इस बीच सुरेश के पास ई-मेल से 65000 रुपये की रिसीविंग आ गई। रिसीविंग देखकर सुरेश को गड़बड़ी का शक हुआ। उसने लेंडर के टिकट की पड़ताल कराई तो वह फर्जी निकला। आईसीआईसीआई बैंक से अकाउंट नंबर का पता किया तो वह लखनऊ के ही विवेक गुप्ता का निकला। इसके बाद सुरेश ने आईजी अमिताभ ठाकुर को घटना की जानकारी दी।