फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Effect of Bharat band in Uttar Pradesh and its cities.

यूपी में मिला जुला रहा बंद का असर, विपक्षी नेताओं को किया गया नजरबंद, सड़कों पर उतरे किसान

Tue, 08 Dec 2020 05:28 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ Published by: ishwar ashish Updated Tue, 08 Dec 2020 05:28 PM IST
विज्ञापन
Effect of Bharat band in Uttar Pradesh and its cities.
- फोटो : amar ujala

कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों के आह्वान पर किए गए भारत बंद का उत्तर प्रदेश में मिला-जुला असर देखने को मिला। प्रदेश के शहरों में बाजार खुले। हालांकि, व्यापारियों ने किसानों की मांगों का खुलकर समर्थन किया और कहा कि सरकार को किसानों की बातें सुननी चाहिए। वहीं, यूपी में समाजवादी पार्टी व कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

विज्ञापन


इसके अलावा, अयोध्या, बाराबंकी, बलरामपुर, मेरठ, बागपत, सहारनपुर व सीतापुर में सपा व कांग्रेस के नेताओं को पुलिस ने नजरबंद किया। इस दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। प्रदेश में कहीं पर भी उपद्रव होने की कोई खबर नहीं है। मेरठ में किसान आंदोलन को समर्थन देने की आड़ में उन्माद फैलाने की आशंका में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन


अलीगढ़ में भाकियू भानु कार्यकर्ताओं ने लगाया बोनेर चौराहे पर जाम
किसान यूनियनों के भारत बंद के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन भानु के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बोनेर चौराहे पर जाम लगाया। कार्यकर्ता अलीगढ़ कानपुर मार्ग की एक सड़क को करीब दो घंटे तक घेर कर बैठे रहे। दोपहर 12.38 बजे दूसरी सड़क भी जाम कर दी। करीब 5 मिनट जाम के बाद सभी पैदल ही नारेबाजी करते हुए धनीपुर मंडी रवाना हो गए। मंडी के गेट पर कुछ देर धरना देने के उपरांत एसीएम प्रथम अंजुम बी को ज्ञापन सौपा। 
विज्ञापन
विज्ञापन


अलीगढ़ में प्रशासन ने सपाइयों को उनके ठिकानों पर रोका
अलीगढ़ में बंद के समर्थन में जुट रहे सपा नेताओं को पुलिस ने उनके घरों में ही रोक दिया है। जिलाध्यक्ष गिरीश यादव किसी तरह से पूर्व नगर विधायक जफर आलम के आवास पर पहुंचे। पूर्व छर्रा विधायक ठाकुर राकेश सिंह भी साथियों के साथ पहुंचे। 

कांग्रेस नेता सचिन चौधरी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश सचिव व किसान नेता सचिन चौधरी को जोया में डिडौली थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सचिन चौधरी मंगलवार सुबह किसानों के आह्वान पर बुलाए गए भारत बंद में जोया पहुंचे थे। जहां पर भारी पुलिस फोर्स और बैरिकेड लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सचिन चौधरी लगातार किसानों के साथ धरने बैठे हुए थे और मांग कर रहे थे कि भाजपा सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों को वापस लिया जाए। 

बंद का नहीं दिखा कोई असर, कई संगठनों ने धरना देकर किया प्रदर्शन
हाथरस में भारत बंद का कोई असर नहीं दिखाई दिया और सभी प्रमुख बाजार खुले। किसान संगठनों और कई राजनीतिक दलों ने जरूर जिले की तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए और धरना दिया। इस दौरान पुलिस फोर्स काफी सतर्क रही और अधिकारी भ्रमण करते रहे। वकीलों ने भी हड़ताल कर प्रदर्शन किया।

लखनऊ में कई जगह हिरासत में लिए गए किसान नेता व कार्यकर्ता

लखनऊ के कई इलाकों में किसान नेताओं व समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। किसान यूनियन लोकतांत्रिक प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष अतुल कुमार, बाबी सिंह, अर्जुन सिंह, सज्जन सिंह सहित सैकड़ों किसानों को पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं, रोड जाम करने पर भी पुलिस ने किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया।

इटौंजा में राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं ने किसान बिल का पुतला जलाया। राष्ट्रीय जनता दल के जिला अध्यक्ष राकेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की सख्ती से नहीं दिखे किसान
बरेली में पुलिस की सख्ती से किसान अभी सड़कों पर नहीं दिखे। एकता संघ के नेता को रात ढाई बजे ही पुलिस ने नजरबंद कर दिया था। सपा के बड़े नेताओं को उन्हीं के घरों में नजरबंद कर दिया गया। 

अयोध्या में दो दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार
अयोध्या में किसानों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे दो दर्जन से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए। हाउस अरेस्ट तोड़कर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव कांग्रेस कार्यालय पहुंच गए। शहर के नेहरू भवन कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए पुलिस ने सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को कस्टडी में ले लिया। 

किसानों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन ने गांधी पार्क व तिकोनिया पार्क में प्रदर्शन किया। गांधी पार्क का गेट खोलकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता बाहर निकल आए और सड़क पर धरना दिया। सरकार विरोधी नारे लगाए। भारतीय किसान यूनियन की महिला कार्यकर्ताओं की पुलिस से भिड़ंत हुई। बैरिकेडिंग हटाकर किसान यूनियन की महिला कार्यकर्ता सड़कों पर उतरीं।

मेरठ में उन्माद फैलाने की आड़ में 14 लोग गिरफ्तार

मेरठ में किसान आंदोलन की आड़ में जिले में उन्माद फैलाने की आशंका के चलते 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। जिनको अलग-अलग थानों में रखा गया है। बताया गया कि 8 लोगों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया। जहां से उनको न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। एसएसपी अजय कुमार साहनी के मुताबिक, किसानों के भारत बंद आह्वान का असर मेरठ में नहीं है। 

एनएच 58 हाईवे पर कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के जटोली और परतापुर थाना क्षेत्र के घोपला गांव के सामने किसानों ने जाम लगा दिया। इसके अलावा भी कई जगहों पर किसानों ने शांतिपूर्ण तरीके से जाम लगाकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दिया। 

जाम लगा रहे किसानों ने तहसीलदार की गाड़ी को वापस भेजा

मेरठ में जिटौली कट के नजदीक जाम लगा रहे किसानों ने तहसीलदार की गाड़ी को वापस भेज दिया। तहसीलदार सदर शिल्पा एरन सरकारी गाड़ी से जानी में किसानों से ज्ञापन लेने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान किसानों ने उनकी गाड़ी को रास्ते में ही रोक लिया।

तहसीलदार सदर शिल्पा गाड़ी से उतरीं और कहने लगीं, भाई मैं तहसीलदार हूं, मेरी गाड़ी को तो निकलने दो। आप लोगों ने रास्ता क्यों रोका है? सरकारी गाड़ी तो जाने दो। काफी देर तक तहसीलदार बोलती रहीं लेकिन किसी ने एक न सुनी। किसानों ने उन्हें सड़क पर ही रोके रखा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इन नेताओं को किया गया नजरबंद
मेरठ में सपा नेता पवन गुर्जर को उनके नूर नगर आवास में पुलिस ने नजरबंद कर दिया। सहारनपुर में बसपा जिलाध्यक्ष को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। वहीं रालोद जिलाध्यक्ष राव केसर सलीम को भी पुलिस ने उनके घर पर नजरबंद किया। बागपत में रालोद जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठीना को उनके घर पर नजरबंद कर दिया। बड़ौत में रालोद के पूर्व विधायक वीरपाल राठी, डॉ अजय तोमर को भी उनके घरों में नजरबंद किया। शामली में पुलिस ने रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन को उनके आवास पर नजरबंद किया।

गजरौला में स्टेट हाइवे पर धरने पर बैठे किसान
गजरौला में दिल्ली जा रहे भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी विजय पाल सिंह समेत तमाम किसानों को पुलिस प्रशासन ने रोक दिया है। किसान स्टेट हाईवे पर धरना देकर बैठ गए। इस कारण मंडी धनौरा और दिल्ली की ओर से मंडी धनौरा की ओर जाने वाले वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया है। एसडीएम विवेक यादव और सीईओ सत्येंद्र सिंह फोर्स के साथ मौजूद रहे।

वहीं, चंदौसी में संभल तिराहे पर भीम आर्मी ने किसान आंदोलन के समर्थन में जाम लगा दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जाम के लिए कार्यक्रम निर्धारित न होने पर कोतवाल देवेंद्र कुमार शर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और भीम आर्मी के मंडल अध्यक्ष रविंद्र कुमार को पकड़कर कोतवाली ले गए। फिर जबरन जाम खुलवा दिया।

बहराइच में सपा का जोरदार प्रदर्शन
बहराइच में सपा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री व मटेरा विधायक यासर शाह की अगुवाई में सपाई सड़कों पर उतरे। पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे अरविंद सिंह गोप हाउस अरेस्ट
बाराबंकी में पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें जानकारी दी।

प्रदर्शनकारी सपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के चिनहट में रोकी ट्रेन
किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं ने चिनहट के मल्हौर में ट्रेन रोकी। कार्यकर्ताओं ने एमएलसी राजेश यादव उर्फ राजू के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।

मऊ में सपा व कांग्रेस के नेताओं को नजरबंद किया गया

देशव्यापी किसान आंदोलन के तहत मंगलवार को भारत बंद के दौरान सुबह और सोमवार की रात में ही मऊ के सपा और कांग्रेस के नेताओं को पुलिस ने उनके घर पर ही नजर बंद कर दिया। कई लोगों को पुलिस ने उनके घर से निकलने पर रोक लगा दी। सोमवार की देर रात रानीपुर ब्लॉक के धर्मसीपुर में सपा जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव को पुलिस ने उनके घर में नजरबंद कर दिया।

वहीं, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इंतेखाब आलम को घोसी स्थित आवास पर, कांग्रेस शहर अध्यक्ष विष्णु कुशवाहा, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राष्ट्रकुंवर सिंह को डुमरी मर्यादपुर स्थित उनके आवास पर, सपा के लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष धीरज राजभर को शहर के सहादतपुरा स्थित उनके अवास पर पुलिस ने नजरबंद कर दिया। 

लखनऊ की दुबग्गा सब्जी मंडी बंद, आढ़तियों को बंदी से तीन करोड़ का नुकसान
राजधानी लखनऊ में नवीन दुबग्गा फल व सब्जी मंडी किसान आंदोलन के समर्थन में पूरी तरह बंद रही। मंडी के अंदर पूरी तरह सन्नाटा छाया रहा। बता दें कि दुबग्गा सब्जी मंडी से प्रदेश के छह जिलों में सब्जियां जाती हैं। आढ़तियों का कहना है कि मंडी बंद होने से करीब तीन करोड़ का नुकसान है। 

कृषि कानून किसान को बर्बाद कर देंगे, इन्हें बिना देर लगाए वापस ले सरकार
किसानों के समर्थन में बाराबंकी के सफेदाबाद क्रॉसिंग पर किसान व समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और कहा कि सरकार को बिना देर लगाए इन कृषि कानूनों को वापस ले लेना चाहिए। ये कानून किसान को बर्बाद कर देंगे।

कांग्रेस नेता अशफाक अहमद को घर में नजरबंद किया

कांग्रेस नेता अशफाक अहमद को घर में नजरबंद किया
बलरामपुर में पूर्व विधायक तथा कांग्रेस नेता अशफाक अहमद को घर में नजर बंद कर दिया गया।

लखनऊ विधान भवन में सपा एमएलसी धरने पर बैठे
लखनऊ के विधानभवन में समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्यों सुनील सिंह साजन, राजपाल कश्यप, आशु मलिक और आनंद भदौरिया ने लखनऊ विधान भवन में धरने पर बैठकर किसानों आंदोलन का समर्थन किया।

बाराबंकी में हाईवे पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का जमावड़ा
बाराबंकी में हाईवे पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा। लखनऊ जाने वाले सभी मार्गों पर चौकसी बरती गई।

सीतापुर: सपा नेता हाजी जावेद को पुलिस ने घर में नजरबंद किया
सीतापुर जिले के लहरपुर में सपा नेता हाजी जावेद को पुलिस ने घर में नजरबंद किया।

पूर्व राज्यमंत्री व सपा नेता पवन पांडे भी नजरबंद
पूर्व राज्यमंत्री व सपा नेता पवन पांडे भी नजरबंद किए गए। सभी के आवास पर पुलिस के जवान तैनात रहे। वहीं, भारतीय किसान यूनियन ने गांधी पार्क व तिकोनिया पार्क में धरना दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed