{"_id":"6b01735d1812043ff80c6992","slug":"aligarh-tax-collector-suspended-for-delaying-property-tax-case-2026-11-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"अलीगढ़ नगर निगम: एक साल से संपत्ति कर की आपत्ति दबाए बैठा था कर संग्रहकर्ता, निलंबित, जांच शू्रू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अलीगढ़ नगर निगम: एक साल से संपत्ति कर की आपत्ति दबाए बैठा था कर संग्रहकर्ता, निलंबित, जांच शू्रू
Sat, 21 Nov 2026 04:03 PM IST
Chaman Kumar Sharma
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: Chaman Kumar Sharma
Updated Sat, 21 Nov 2026 04:03 PM IST
सार
निलंबित कर्मचारी को प्रभारी कर निर्धारण अधिकारी के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की जांच सहायक नगर आयुक्त प्रथम तपस्या यादव को सौंपी गई है।
विज्ञापन
निलंबित
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
अलीगढ़ नगर निगम में जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और भ्रष्टाचार की शिकायत पर नगर आयुक्त ने कार्यवाहक कर संग्रहकर्ता विनोद कुमार पाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कर्मचारी पर संपत्ति कर से जुड़ी एक आपत्ति करीब एक साल तक लंबित रखने और आपत्तियों के निस्तारण के नाम पर अनुचित लाभ मांगने की शिकायतें थीं।
विज्ञापन
नगर निगम सेवा भवन में जनसुनवाई के दौरान एक शिकायतकर्ता ने नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा को बताया कि नगला कलार स्थित भवन संख्या 4190 के संपत्ति कर के खिलाफ दर्ज आपत्ति का करीब एक साल बाद भी निस्तारण नहीं किया गया है। नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्यवाहक कर संग्रहकर्ता विनोद कुमार पाल को तलब किया और देरी का कारण पूछा। इस पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
विज्ञापन
इसके अलावा संबंधित क्षेत्र से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कर संग्रहकर्ता संपत्ति कर संबंधी आपत्तियों को जानबूझकर लंबित रख रहे हैं और उनके निस्तारण के बदले अनुचित लाभ की मांग कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया लापरवाही, भ्रष्टाचार में संलिप्तता और नगर निगम के राजस्व संग्रह को प्रभावित करने का मामला सामने आने पर नगर आयुक्त ने निलंबन के आदेश जारी कर दिए।
विज्ञापन
उन्हें प्रभारी कर निर्धारण अधिकारी के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की जांच सहायक नगर आयुक्त प्रथम तपस्या यादव को सौंपी गई है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने और भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
