इन दो बुखारों से तबाह हो रही है यूपी की राजधानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिमागी बुखार से पीड़ित पांच और बच्चों ने सोमवार को सिविल और बलरामपुर अस्पताल व केजीएमयू में दम तोड़ दिया। इन्हें तेज बुखार की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं इमरजेंसी में दिमागी बुखार से पीड़ित बच्चों के भर्ती होने का सिलसिला जारी है।
मेननजाइटिस (दिमागी बुखार) का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बलरामपुर अस्पताल की इमरजेंसी में खदरा की जाहिदा (3) ने दिमागी बुखार की चपेट में आकर दम तोड़ दिया। जाहिदा के पिता आरिफ ने बताया कि जाहिदा को रविवार शाम को हल्का बुखार हुआ।
सोमवार सुबह बुखार तेज हो गया और उसे तेज झटके आने के बाद पूरा शरीर अकड़ गया। सोमवार सुबह आठ बजे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। दोपहर करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत के बाद परिवारीजनों का इमरजेंसी के बाहर रो-रोकर बुरा हाल था। इसी तरह अस्पताल के बाल रोग वार्ड में भर्ती अंशी (6) ने कई दिन तक चले इलाज के बाद दम तोड़ दिया।
बलरामपुर अस्पताल में सोमवार को इशाद (8) नाम के बच्चे की मौत दिमागी बुखार से हो गई। वहीं केजीएमयू के बाल रोग विभाग में भर्ती बहराइच के सूरज (10) और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती सीतापुर के रिशु (4) ने दम तोड़ दिया। दोनों को दिमागी बुखार की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। इस दिमागी बुखार से अब तक दस बच्चों की मौत हो चुकी है।
10 घंटे में 100 से ज्यादा मरीज भर्ती हुए
इमरजेंसी में रविवार को दस घंटे में सौ मरीजों के भर्ती होने के बाद भी सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को सिविल, बलरामपुर और लोहिया अस्पताल में दस से अधिक बच्चों को नाजुक हालत में भर्ती कराया गया।
लोहिया अस्पताल में धर्मेंद्र (30) हरदोई, माही (4) गोसाईगंज, पल्लवी (5) वजीरगंज और पूजा (17) चिनहट को नाजुक हालत में भर्ती कराया गया है। परिवारीजनों ने बताया कि बच्चों को पहले हल्के बुखार की शिकायत हुई।
कुछ घंटे बाद ही बच्चों ने बोलना और खाना पीना बंद कर दिया। अब स्थिति ये है कि करीब सात दिन से बच्चे बेहोशी की हालत में पड़े हुए हैं। यही हाल बलरामपुर अस्पताल का है। सोमवार को इमरजेंसी में उपकार (4) गोसाईगंज, गरिमा (6) मलिहाबाद, आदर्श (5) निगोहां, लक्ष्मी (7) सीतापुर और अमित (8) सुल्तानपुर को नाजुक हालत में भर्ती कराया गया।
लक्ष्मी की हालत नाजुक बनी हुई है और उसकी सांसें ऑक्सीजन के सहारे चल रही हैं। सिविल अस्पताल में तीन, लोकबंधु में दो और आरएलबी में तीन बच्चों को तेज दिमागी बुखार की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया है।
डेंगू के सात नए मरीज मिले
शहर के अस्पतालों में सोमवार को डेंगू के सात नए मरीज भर्ती किए गए। बलरामपुर अस्पताल में बुखार की शिकायत के बाद भर्ती आशीष (22) लखनऊ सिटी और ओम प्रकाश (40) फैजाबाद में डेंगू की पुष्टि हुई। कार्ड टेस्ट में डेंगू की पुष्टि होने के बाद दोनों मरीजों का सैंपल एलाइजा जांच के लिए स्वास्थ्य महानिदेशालय स्थित लैब भेज दिया गया।
लोहिया अस्पताल के डेंगू वार्ड में तीन मरीजों का भर्ती कर इलाज चल रहा है। भर्ती होने वालों में धीरज कुमार (17) लखीमपुर, उत्कर्ष (22) गोंडा और चंद्रभान (23) अंबेडकर नगर शामिल हैं। तीनों मरीजों ने बताया कि कार्ड टेस्ट में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। एलाइजा जांच के लिए सैंपल भेजा गया है।
इसी तरह गोमतीनगर के मिशनरी अस्पताल में भी दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि के बाद इलाज चल रहा है। सात नए मरीज मिलने के बाद कुल मरीजों का आंकड़ा 41 पार कर गया। इस बीचसीएमओ डॉ. एसएनएस यादव का कहना है कि डेंगू मरीजों के इलाज के लिए अस्पतालों में पूरे इंतजाम हैं। अस्पतालों में भर्ती बच्चों की मौत की जानकारी मंगाई गई।