बेटी ने की मां की हत्या: फिल्मी कहानी तरह रची साजिश, पानी पीने-ठंडी हवा लेने की सुनाई कहानी; इस तरह खुली पोल
Daughter murdered her mother: लखनऊ में एक बेटी के साथ प्रेमी के साथ मिलकर मां को मार डालने की सनसनीखेज घटना सामने आई। पहले बेटी ने पुलिस को बहकाने के लिए दूसरी कहानी सुनाई थी।
विस्तार
चिनहट इलाके में महिला की हत्या के मामले में आरोपी नाबालिग बेटी व उसके नाबालिग प्रेमी ने हत्या की साजिश किसी फिल्मी कहानी की तरह रची थी। किशोरी तीन घंटे तक पुलिस को गुमराह करती रही। जब पुलिस ने उसके प्रेमी को पकड़ा और दोनों काे आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की तो उन्होंने वारदात कबूलते हुए साजिश का पर्दाफाश किया।
एडीसीपी पूर्वी पंकज सिंह ने बताया कि पुलिस ने जब किशोरी से बातचीत की तो उसने बताया कि रात करीब दो बजे वह घर के बाहर पानी भरने गई थी। गर्मी होने की वजह से पानी भरने के बाद बाहर हवा लेने लगी। कुछ देर के बाद जब वह वापस लौटी तो मां का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। उसने आरोप लगाया कि एक युवक ने मां के साथ गलत काम का प्रयास किया और विरोध करने पर उनकी हत्या कर दी। किशोरी का बयान किसी को समझ में नहीं आया। इतनी रात पानी भरने और हवा खाने का बयान सबको झूठ लग रहा था। तीन घंटे के बाद पुलिस ने जब किशोरी के प्रेमी को पकड़ा और दोनों को आमने-सामने बैठकर पूछताछ की गई तो उनका झूठ पकड़ा गया। दोनों ने महिला की हत्या करने की बात कबूल ली।
एक बार हिदायत, दूसरी पर केस...फिर भी नहीं सुधरा
महिला के भाई का आरोप है कि भांजी व उसका प्रेमी बहन को धमकी दे रहे थे। उनके अनुसार आरोपी किशोर पिछले साल किशोर किशोरी को ले गया था। इस मामले में तब समझौता हो गया था। किशोर को हिदायत देकर छोड़ दिया था। दिसंबर 2024 में दोबारा किशोर उसको लेकर चला गया था। इस बार किशोरी की मां ने किशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें पुलिस ने किशोर को बाल सुधार गृह भेजा था। वहां से छूटने के बाद दोबारा वह किशोरी से बातचीत शुरू कर दी थी। जो किशोरी की मां को पसंद नहीं था। वह बेटी को इस बात के लिए डांटती थी और सख्ती भी करती थी।
पहले गला दबाकर की हत्या फिर कांच से गला रेत दिया
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि आरोपी किशोरी 9वीं तक पढाई कर चुकी है। पिता की परचून की दुकान थी, पर उनकी कुछ समय पहले मौत हो गई थी। किशोरी के प्रेम-प्रसंग के चलते मां ने बेटी की पढ़ाई बंद करा दी थी। बेटी का प्रेमी दूसरे समुदाय का था तो मां को यह बात पसंद नहीं थी। वह बेटी पर सख्ती करती थीं। किशोरी व उसके प्रेमी को लगता था कि महिला की वजह से उनकी जिंदगी खराब हो रही है। इसलिए रास्ते से ही हटा दिया। पहले हाथों से गला दबाया और फिर आईने के कांच से गला रेत दिया।
बेटी को बहुत चाहती थी महिला
महिला के भाई ने बताया कि बहन भांजी को बहुत प्यार करती थी। बहनोई की मौत के बाद वह 12 हजार रुपये प्रतिमाह पर नौकरी करने लगीं। वह भांजी के प्रेम-प्रसंग की वजह से उसको अपने साथ ड्यूटी पर ले जाती थीं। इतना ही नहीं वह वेतन का काफी हिस्सा बेटी पर ही खर्च करती थीं। परिजनों का यकीन नहीं हो रहा है कि किशोरी ने इतनी बेरहमी से मां की हत्या कर दी।