विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या,झाडियों में मिला शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी की राजधानी में एक और युवती की हत्या कर शव फेंक दिया गया। निगोहां से सिसेंडी मार्ग पर स्थित गौतमखेड़ा गांव में बबूल के जंगल में नाले के किनारे झाड़ियों में फंसा मिला। बुधवार सुबह अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
मृतका के शरीर पर हरे रंग की छींटदार साड़ी-ब्लाउज,कान में सोने की बालियां,नाक में कील,गले मे मोतियों की माला,पैरों में पायल और बिछिया थी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतका की शिनाख्त को कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने आसपास के जनपदों से लापता महिलाओं का रिकार्ड मंगाया है।
सीओ मलिहाबाद श्यामाकांत त्रिपाठी का कहना है कि शव गौतमखेड़ा गांव के बबूल के जंगल में नाले के किनारे झाड़ियों में फंसा मिला है। युवती शादीशुदा है। चेहरे के बायीं तरफ और पेट पर चोटों के निशान हैं।
पास ही एक तकिया पड़ी मिली है। इसी तकिया से युवती की दम घोटकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। सुबह करीब सात बजे राहगीरों से सूचना पाकर परसपुर ठट्ठा गांव के प्रधान रामशंकर ने पुलिस को सूचना दी।
इसी बीच आसपास के गांव के सैकड़ों लोग मौके पर आ गए। सीओ ने कहा कि मृतका की उम्र 25 से 30 वर्ष लग रही है। शरीर पर कोई गोदना या पहचान चिह्न नहीं मिला है।
उसकी हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां फेंका गया है। मृतका की शिनाख्त के लिए उन्नाव और हरदोई सहित आसपास के जनपदों से हाल ही में लापता हुई युवतियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
महिला की नहीं हो सकी शिनाख्त
पंचनामा में युवती के पेट में एक छेद का जिक्र किया गया है। इससे गोली मारकर हत्या किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि छेद बिल्कुल गोली के निशान जैसा है लेकिन अगर गोली असलहा सटाकर मारी जाती तो आसपास झुलसने या बारूद के निशान होते। अगर गोली दूर से मारी गई होती तो आर-पार हो जाती जबकि पीठ की तरफ कोई दूसरा ऐसा छेद नहीं है जिससे गोली निकलने की बात कही जा सके।
पुलिस का मानना है कि छेद महिला को नाले में लुढ़काते वक्त झाड़ियों से हो गया होगा। शिनाख्त के लिए बुधवार शाम कई लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे लेकिन मृतका को पहचान नहीं सके।
उन्नाव के मौरावां से गत रविवार से लापता सरिता के पति के अलावा मड़ियांव,पीजीआई और आलमबाग से लापता युवतियों के परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम हाउस जाकर शव के बारे में जानकारी ली।