UP: पुलिस घूमती रही और डाका डालते रहे बदमाश!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के कानपुर के कस्बा चौबेपुर में गुरुवार देर रात बदमाशों ने पांच सौ मीटर क्षेत्र में तीन घरों में डाका डालकर एक बुजुर्ग दंपति की पीट-पीट कर हत्या कर दी और चार लोगों को घायल करके लाखों का माल लूट लिया।
बदमाशों ने सबको डंडों और ईंट-पत्थरों से मारा है। घायलों को हैलट में भर्ती कराया गया है। खास बात यह कि पहले घर में डाका पड़ने के बाद पुलिस को सूचना दे दी गई थी और थोड़ी देर बाद पुलिस पहुंच भी गई थी लेकिन बदमाश दूसरे घरों में डाका डालते रहे और पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी।
सुबह वारदात का पता चलने पर ग्रामीण उग्र हो गए और शव रखकर बेला-शिवली रोड जाम कर दिया। पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एसएसपी के.सुनील इमैनुएल, एसपी ग्रामीण डॉ. अनिल कुमार मिश्र, एसडीएम शैलेंद्र कुमार समेत कई थानों का फोर्स-पीएसी पहुंची।
एसएसपी के वारदात का जल्द खुलासा करने का आश्वासन देने पर लोगों का गुस्सा थमा। तब करीब चार घंटे बाद जाम हटा और पुलिस महिला के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज सकी।
चौबेपुर संवाददाता के मुताबिक प्राइवेट नौकरी करने वाले अरविंद सिंह का घर मरखरा गांव में मालव रेलवे क्रासिंग के पास है। अरविंद ने बताया कि गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे पांच-छह बदमाश उनके निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री फांदकर घर में घुस आए। उन्हें और पत्नी गुड़िया को जगाया।
वारदात के पहले की ड्रामेबाजी
अरविंद के मुताबिक बदमाशों ने पहले उनके पैर छुए। फिर गुड़िया से कहा कि तुम मेरी जिज्जी, ये मेरे जीजा, शोर मचाया तो बच्चों (हर्ष, तनुष और नाभिया) को गोली मार देंगे। इसके बाद बदमाशों ने गुड़िया के शरीर से गहने उतरवा लिए। दहशत की वजह से उन्होंने अलमारी खोलकर 15 हजार रुपये, जेवर भी बदमाशों को सौंप दिए। इसके बाद बदमाश मोबाइल फोन और कपड़े लेकर भाग निकले।
अरविंद के मुताबिक बदमाश एक जोड़ी बाले, दो अंगूठी, एक सोने की चेन ले गए। उन्होंने फौरन पड़ोसी संदीप राजपूत के मोबाइल से पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। थोड़ी देर बाद डॉयल 100 पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिसकर्मी छानबीन कर रहे थे।
इसी दौरान बदमाशों ने अरविंद के घर से महज पांच सौ मीटर दूर ब्रह्म नगर मोहल्ले में रहने वाले रिटायर्ड प्राइमरी टीचर मुन्ना लाल यादव के घर धावा बोल दिया।
मुन्ना लाल के घर में पत्नी रामवती, बेटी मंजू और दामाद सूबेदार यादव भी रहते हैं। मकनपुर बिल्हौर के प्राइमरी विद्यालय में टीचर सूबेदार ने बताया कि सब लोग अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। बदमाशों ने आते ही उनकी रजाई खींच दी। नींद खुलने पर उनके सामने तीन बदमाश खड़े थे। कुछ बदमाशों की आवाज बाहर से आ रही थी।
बदमाशों ने पूछा रायफल कहां है, जल्दी दे दो
पीड़ित सूबेदार के अनुसार वह कुछ समझ पाते कि इससे पहले ही डंडे से उनकी पिटाई शुरू कर दी। पत्नी, सास और ससुर ने शोर मचाया तो बदमाश उन पर भी टूट पड़े। सभी को डंडे और पत्थर से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया। वे लोग बेहोश हो गए। इसके बाद बदमाश उनके घर से क्या ले गए और क्या नहीं, उन्हें नहीं मालूम। पिटाई से रामवती (75) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मुन्ना लाला (84) ने हैलट में दम तोड़ दिया।
सूबेदार के घर के बगल में रसूलाबाद के दाना निवादा गांव निवासी योगेंद्र यादव अपना मकान बनवा रहे हैं। डेरापुर (कानपुर देहात) के सिठमरा गांव के प्राइमरी स्कूल के टीचर योगेंद्र ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई अनिल के साथ गुरुवार रात मकान में ही सोए थे। सूबेदार के घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर उठे तब तक तीन बदमाश उनके घर में भी घुस आए।
बदमाशों ने पूछा कि तुम्हारी बंदूक और रायफल कहां है, जल्दी दे दो। फिर एक बदमाश ने पानी मांगा। योगेंद्र के मुताबिक वह छत की तरफ भागे तो बदमाशों ने दौड़कर पकड़ा और डंडे से जमकर पीटा। अनिल बचाने दौड़ा तो उसे भी पीटा। फिर उन्होंने और अनिल ने बदमाशों पर पथराव शुरू कर दिया। शोर मचाया। इस पर बदमाश खेतों के रास्ते भाग निकले।
योगेंद्र के मुताबिक बदमाश उनकी पैंट की जेब में रखे लगभग सात हजार रुपये ले गए हैं। पुलिस के मुताबिक सूबेदार, योगेंद्र और मंजू को हैलट में भर्ती कराया गया है। चौबेपुर थानाध्यक्ष का कहना है कि अरविंद और सूबेदार की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ लूटपाट और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।