खुद को आईपीएस बताकर महिला से की शादी, और जब भेद खुला तो...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महिला से शादी रचाने वाले फर्जी आईपीएस अधिकारी को पुलिस ने शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी अमेठी जिले का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक एक साल पहले उसने अपने आप को आईपीएस अधिकारी बताकर महिला को झांसे में ले लिया था और उससे शादी कर ली थी।
पोल खुलने के बाद वो महिला को प्रताड़ित करता था और दहेज की मांग करता था। साथ ही उसके जेवरात भी छीन लिए थे। केस दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में थी। आरोपी शनिवार को यहां महिला को धमकाने आया तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने लग्जरी कार भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक शहर के निराला नगर की रहने वाली शिखा अग्निहोत्री की जान-पहचान अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के भालपुर निवासी अमान खां पुत्र अताउल्ला खां से थी। वर्ष 2015 में अमान खां ने खुद को एक आईपीएस अधिकारी बताते हुए उसे झांसे में ले लिया और उसके साथ शादी कर ली।
सच बताने का दबाव डाला तो करने लगा मारपीट
शुक्रवार रात सदर कोतवाली में शिखा ने अमान खां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें उसने बताया कि शादी के बाद उसे पता चला कि अमान ने उसे धोखा दिया। वह आईपीएस अधिकारी नहीं है। वह हमेशा घर पर ही बना रहता था।
कई बार तैनाती स्थल के बारे में पूछने पर वह कुछ नहीं बताता था। जब उसने सच बताने का दबाव डाला तो अमान उसके प्रताड़ित करने लगा। आए-दिन मारता-पीटता है, दहेज की मांग करता है। उसने उसके जेवरात भी छीन लिए हैं।
सदर कोतवाल कमलेश पांडेय ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू करा दी। शनिवार शाम महिला को धमकाने के लिए आरोपी अपनी लग्जरी कार यूपी 32 ई जेड 5050 यहां से पहुंचा था।
पुलिस पर भी झाड़ा आईपीएस होने का रौब
सूचना पर सदर कोतवाल कमलेश पांडेय व वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह ने टीम के साथ पहुंच कर अपने आप को आईपीएस अधिकारी बताने वाले आरोपी अमान खां को गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि, इस दौरान उसने पुलिस पर भी आईपीएस होने का रौब झाड़ा, लेकिन वह किस बैच, वर्ष आदि सवालों पर उसकी पोल खुल गई। कोतवाल का कहना है कि आरोपी ने खुद को फर्जी आईपीएस अधिकारी बताकर महिला के साथ शादी की थी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले पर एसपी विनय यादव का कहना है कि महिला की तहरीर पर कार्रवाई की गई है। अपने आप को आईपीएस अधिकारी बताने के आरोपी को पकड़ लिया गया है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। उसकी लग्जरी कार बरामद की गई है।