लखनऊ: सन अस्पताल के खिलाफ मुकदमा दर्ज, फैलाई थी ऑक्सीजन खत्म होने की अफवाह
जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने गोमतीनगर स्थित सन अस्पताल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। सन अस्पताल पर आरोप हैं कि ऑक्सीजन न होने की अफवाह फैलाकर मरीजों को भर्ती नहीं करने और फिर मनमाने तरीके से उगाही करने का प्रयास किया।
विस्तार
अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सिलेंडर होने के बावजूद गेट पर नोटिस चस्पा कर लोगों को भ्रमित करने के मामले में विभूति खंड स्थित सन हॉस्पिटल के निदेशक अखिलेश पांडे सहित कई अन्य पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा सीएचसी चिनहट के अधीक्षक डॉ सुरेश पांडे की तहरीर पर दर्ज कराया गया है।
जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने गोमतीनगर स्थित सन अस्पताल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। सन अस्पताल पर आरोप हैं कि ऑक्सीजन न होने की अफवाह फैलाकर मरीजों को भर्ती नहीं करने और फिर मनमाने तरीके से उगाही करने का प्रयास किया।
जानकारी होने पर डीएम अभिषेक प्रकाश ने एसडीएम सदर को जांच का आदेश दिया था। एसडीएम सदर प्रफुल्ल त्रिपाठी की जांच में सामने आया कि अस्पताल के पास ऑक्सीजन का पर्याप्त स्टाक था। इसके बावजूद संचालक ने अपने फायदे और मरीजों से वसूली करने के चक्कर में अस्पताल के बाहर नोटिस चस्पा किया और सोशल मीडिया पर ऑक्सीजन की कमी की सूचना वायरल कर दी।
दूसरे अस्पताल जाने पर वापस नहीं किए पैसे
सन अस्पताल के खिलाफ मरीज वेद प्रकाश ने गोमतीनगर थाने में शिकायत की थी कि भर्ती होने के बावजूद सही तरीके से इलाज नहीं किया और ऑक्सीजन नहीं होने का भय दिखाकर पैसे वसूलते रहे। वेद प्रकाश दूसरे अस्पताल चले गए तो पैसे वापस करने में आनाकानी करते रहे। इस तरह की तमाम शिकायतें सन अस्पताल के खिलाफ थीं।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह के मुताबिक सीएचसी चिनहट के अधीक्षक डॉ सुरेश पांडे की तहरीर पर आपदा प्रबंधन की धारा 51, 52, महामारी अधिनियम 3, धारा 144 का उल्लंघन और अफवाह फैलाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमे में अखिलेश पांडे व अन्य निदेशकों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस मुकदमे की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।