कार में फंसकर 7 किमी. घिसटा युवक, इकट्ठे तक नहीं हो पाए अंग
मड़ियांव इलाके में सीतापुर रोड पर हादसे का शिकार हुए युवक को कई गाड़ियों ने रौंद डाला। इतना ही नहीं उसका धड़ एक कार में फंसकर सात किलोमीटर दूर बीकेटी इलाके में जा पहुंचा।
लेकिन इसे राजधानी पुलिस की संवेदनहीनता ही कहा जाएगा कि हादसे का शिकार हुए युवक के अंगों को एकत्र कर उसकी शिनाख्त की कोशिश करने के बजाय एक थाने ने पैर तो दूसरे ने धड़ पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि कार को कब्जे में लेकर जांच करने के साथ ही युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
इंस्पेक्टर मड़ियांव संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सीतापुर रोड पर छठा मील के पास पैदल जा रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और भाग निकला।
इसके बाद कई वाहन उसे रौंदते हुए गुजर गए। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां बुरी तरह कुचले गए युवक की कमर के नीचे का हिस्सा व कुछ अंग पड़े थे। खून से सनी मैरून कलर की शर्ट व काली पैंट थी लेकिन धड़ गायब था।
आसपास तलाश करने के बाद युवक के पैर व अवशेष के पंचनामा की कार्रवाई करके मॉर्च्युरी भेज दिया गया। देर रात पता चला कि बीकेटी इलाके में एक कार में फंसा युवक का धड़ मिला है। बीकेटी पुलिस ने उसे मॉर्च्युरी भेजने के साथ कार कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
कार में फंसा नजर आया युवक का धड़
एसएसआई बीकेटी गिरीश चंद्र पांडेय ने बताया कि अलीगंज के सेक्टर-के निवासी व्यापारी विमल रस्तोगी शुक्रवार रात अपने परिवार के साथ गांव दिगोई में हाईवे के किनारे स्थित ढाबे पर खाना खाने आए थे।
लौटते समय पार्किंग में खड़ी कार बैक करने पर उसमें फंसा युवक का धड़ नजर आया। इससे हड़कंप मच गया। ढाबा के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस कंट्रोल रूम व क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो को सूचना दी गई।
आसपास के थानों से संपर्क किया गया। पता चला कि सात किमी. दूर मड़ियांव इलाके में छठा मील के पास हादसे का शिकार बने युवक की कमर से नीचे का हिस्सा मिला है।
सीमा विवाद के चलते नहीं पहुंची पुलिस
एसएसआई का कहना है कि छठा मील के पास हादसे की जानकारी पर उन्होंने मड़ियांव थाने के एसएसआई गिरीश चंद्र पांडेय को कॉल कर धड़ मिलने की जानकारी दी और उसका पंचनामा करके मॉर्च्युरी भेजने को कहा लेकिन मड़ियांव पुलिस ने मौके पर आने से साफ मना कर दिया।
उन्होंने कहा कि उनके इलाके में कमर के नीचे का हिस्सा मिला था जिसे मॉर्च्युरी भेजा गया है। हम दूसरे थाने में धड़ लेने नहीं जाएंगे। इस पर बीकेटी पुलिस ने धड़ को मॉर्च्युरी भेज दिया।
कार कब्जे में लेकर पड़ताल
एसएसआई गिरीश चंद्र पाण्डेय ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है। युवक के विमल की कार से कुचलने का शक हुआ था लेकिन कार की गहन जांच में ऐसा लग रहा है कि पहले ही कुचलकर युवक के शरीर के टुकड़े हो गए थे और धड़ विमल की कार में फंसकर घिसटते हुए ढाबे तक आ गया। ढाबा कर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।