FB गर्लफ्रेंड के घर 24 दिन सड़ती रही लाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फेसबुक पर बनी गर्लफ्रेंड से मिलने आए पश्चिम बंगाल के किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में गर्लफ्रेंड के घर में मौत हो गई।
उसका शव 24 दिन तक कमरे में पड़ा सड़ता रहा। सोमवार को मोहल्ले के लोगों से सूचना पाकर मौके पर पहुंची गाजीपुर पुलिस को कमरे से तंत्र-मंत्र और प्रेत बाधा की पुस्तकें भी मिलीं।
पुलिस ने गर्लफ्रेंड और उसकी मां से पूछताछ की तो अजीबोगरीब कहानी सामने आई। दोनों ने बताया कि किशोर ने आत्महत्या की है और उसकी भटकती हुई आत्मा की शांति के लिए वे तंत्र-मंत्र की किताबें लेकर आई थीं।
साल भर पहले हुई दोस्ती
इंदिरानगर सेक्टर 11 निवासी छात्रा इलाके के ही एक प्रतिष्ठित कान्वेंट स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा है। बीते वर्ष फरवरी में फेसबुक पर छात्रा की पश्चिम बंगाल के 17 वर्षीय सुदीप दास से दोस्ती हुई थी।
गाजीपुर एसओ नोवेंद्र सिंह सिरोही ने बताया कि दोनों के बीच चैटिंग हुई और बीते वर्ष अगस्त-सितंबर में किशोर छात्रा से मिलने लखनऊ आ गया।
छात्रा यहां तलाकशुदा मां के साथ अकेली रहती है। इसके बाद सुदीप के लखनऊ आने का सिलसिला सा बन गया।
दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई तो 5 मार्च को पश्चिम बंगाल छोड़कर सुदीप स्थाई रूप से छात्रा के पास आकर रहने लगा।
अचानक मां-बेटी हुईं गायब
इलाकाई लोगों का कहना है कि 14 मार्च की रात से छात्रा और उसकी मां अचानक गायब हो गईं। सोमवार शाम मां-बेटी लौटीं तो घर से भीषण दुर्गंध आ रही थी।
मोहल्ले वालों से सूचना पाकर गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची तो दूसरी मंजिल पर स्थित छत के कमरे में किशोर का सड़ा-गला शव मिला।
कमरे में तंत्र-मंत्र और प्रेत बाधा मुक्ति से संबंधित तीन-चार किताबें मिलने से मामला रहस्यमय हो गया।
मोहल्ले के लोगों ने बलि देने की आशंका जताई तो पुलिस के होश उड़ गए। एसएसपी प्रवीण कुमार सहित अन्य अफसर घटनास्थल पहुंच गए।
उधर मां-बेटी की मानसिक स्थिति बिगड़ने लगी। उनसे पूछताछ के लिए महिला पुलिसकर्मियों को बुलवाया गया। घंटों मशक्कत के बाद मां-बेटी ने पूछताछ में अजीबोगरीब घटनाक्रम बताया।
फिर सामने आई पूरी कहानी
एसओ के मुताबिक छात्रा की मां एक सरकारी अस्पताल में काम करती हैं। किशोर और छात्रा के बीच प्रेम संबंध हो गए थे और दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। 14 मार्च को किशोर और छात्रा के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ।
एसओ के मुताबिक छात्रा ने कलाई की नस काट ली। खून निकलते देख किशोर भी छत पर गया और रस्सी से फंदा बनाकर लटक गया।
छात्रा ने मां को फोन कर बताया। शाम को घर आई इलाके के एक डॉक्टर को बुलाया जिन्होंने सुदीप की मौत की पुष्टि की।
इसके बाद घबराई मां-बेटी शव पर बोरा डालकर हरिद्वार चली गईं। एसओ के मुताबिक मौत के बारे में पोस्टमार्टम के बाद चलेगा।
फिलहाल मां-बेटी को घर पर नजरबंद करके रखा गया है। उनकी निगरानी के लिए दो महिला पुलिस कर्मी सहित अन्य पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।
जिद्दी स्वभाव की है छात्रा
पढ़ने-लिखने में तेज छात्रा का स्वभाव काफी जिद्दी है। छात्रा की मां ने बताया कि उन्होंने सुल्तानपुर के एक युवक से लव मैरिज की थी।
एक साल बाद ही बेटी का जन्म हुआ। शादी के दो साल बाद ही तलाक हो गया। इसके बाद वह बेटी के साथ अकेले रहने लगी।
बेटी के पालन-पोषण से पढ़ाई तक की जिम्मेदारी उन्होंने ही निभाई। मौके पर आए पुलिसकर्मियों से भी वह अंग्रेजी में ही बातचीत कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक शुरू से ही किसी बड़े का अंकुश न होने और घर पर अकेली रहने की वजह से वह काफी जिद्दी हो गई थी। जिद में वह अक्सर झगड़ा कर लेती थी। महिला का कहना है कि सुदीप से उसका झगड़ा जिद में ही हुआ होगा।
शांति पाठ कराने गई थीं हरिद्वार
मां-बेटी ने पुलिस को बताया कि सुदीप की मौत के बाद उसकी आत्मा की शांति के लिए पूजा-पाठ करने वह हरिद्वार चली गई थीं।
वहां गंगा के घाट पर विधि-विधान से सुदीप के लिए अनुष्ठान कराया। पूजा-पाठ के दौरान ही छात्रा डिप्रेशन में आ गई।
महिला ने बताया कि बेटी को देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां कई दिन तक उसका उपचार चला। हालत कुछ ठीक होने पर दोनों घर लौटकर आए थे।
केमिकल से जलाने के निशान
जिस कमरे में सुदीप का शव मिला है, वहां केमिकल के कई डिब्बे रखे थे। उसके शरीर व कमीज पर केमिकल जैसे निशान मिले हैं। शव की हालत देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि उसे गलाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया गया है।