गर्लफ्रेंड के सामने किया प्यार का इजहार, काट ली नस
लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र में रविवार दोपहर एकतरफा प्यार में युवक ने छात्रा के घर के बाहर प्यार का इजहार किया। इन्कार पर उसने हाथ की नस काट ली और छात्रा पर तेजाब डालने की धमकी देकर भाग निकला।
पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। मड़ियांव क्षेत्र में एक डॉक्टर की बेटी बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा है।
छात्रा के मुताबिक, वह कुछ दिन पहले रिश्तेदार के यहां दुबग्गा गई थी, जहां पड़ोस में रहने वाले युवक शंकर तिवारी ने उससे दोस्ती करनी चाही, मगर उसने मना कर दिया।
इसके बाद रविवार दोपहर करीब एक बजे छात्रा छोटी बहन के साथ घर पर थी। इस बीच पहुंचे युवक ने दरवाजा खटखटाया। छात्रा ने दरवाजा खोला, लेकिन शंकर को देख बंद कर लिया।
घर के बाहर करता रहा ड्रामा
युवक घर के बाहर ड्रामा करने लगा। आधे घंटे तक वह बाहर खड़ा रहा और ब्लेड से हाथ की नस काट ली। इसके बावजूद छात्रा द्वारा दुत्कारने पर तेजाब डालने की धमकी दी।
हंगामा होता देख वहां भीड़ जुट गई। लोगों ने आरोपी युवक को दबोचने की कोशिश की, मगर वह भाग निकला।
सूचना पर घर पहुंचे पिता को देखते ही बेटी रोने लगी। इंस्पेक्टर संतोष सिंह का कहना है मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।