सनसनी: जिसे प्यार करता था उसी पर उड़ेला एसिड
पहले तो प्रेमी ने एसिड डालकर महिला को झुलसाया और अब प्रेमी के परिवारवाले पीड़िता पर समझौता कर लेने का दबाव डाल रहे हैं। इसके लिए आरोपियों ने सोमवार को पीड़िता से उसके बच्चे को नहीं मिलने दिया।
वहीं विभूतिखंड की पुलिस भी उसके फरार प्रेमी को गिरफ्तार करने में असफल रही है। एसिड अटैक की शिकार युवती को सोमवार सुबह राम मनोहर लोहिया अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इसके बाद वह घर पहुंची तो वहां उसका चार साल का बेटा देवांश नहीं मिला। प्रेमी अंतू के परिवारवालों ने पहले बताया कि उसे हम लोगों ने उसकी दादी के पास भेज दिया है। वहीं छोटी बेटी छवि को उसे सौंप दिया।
पीड़ित युवती का आरोप है कि प्रेमी अंतू साहू के परिवारवाले उस पर समझौता करने और मुकदमा वापस लेने का दबाव डालते रहे। देर रात तक एसिड अटैक की पीड़ित युवती अपने बच्चे से मिलने के लिए तड़पती रही।
प्रेमी से तोड़ना चाहती थी रिश्ता
पीड़िता ने बताया कि जिस प्रेमी के साथ वह पिछले पांच वर्ष से यहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी, उससे वह नाता तोड़ना चाहती है। वह जॉब करती है, जो उसके प्रेमी अंतू साहू को पसंद नहीं।
वह अपने दोस्तों के साथ घूमने जाती थी तो भी वह ऐतराज करता था। अवैध संबंधों को लेकर उस पर शक करता था। इसी वजह से वह उससे दूरी बनाना चाहती थी। यह बात उसे नागवार गुजरी और उसने एसिड से उसका चेहरा झुलसा दिया।
इसके बाद उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से सोमवार की सुबह महिला को डिस्चार्ज कर दिया गया।
वह अपने परिवारवालों के पास मायके जाना चाहती थी लेकिन प्रेमी के घर वाले उसका बच्चा उसे नहीं दे रहे। आरोप है कि पुलिस भी उनकी मदद कर रही है।