सेहरा उतरा भी नहीं था, कि हो गया हादसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मड़ियांव क्षेत्र में सीतापुर रोड पर शनिवार रात एक बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर बारातियों से भरी गाड़ी से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण हादसे में 4 बारातियों समेत 5 लोगों की मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल 11 लोगों को ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हादसे का कारण बनी बेकाबू कार से बीयर की खाली केन व बोतलें मिली हैं।
इंस्पेक्टर मड़ियांव रघुवीर सिंह ने बताया कि सीतापुर के अटरिया थाने के लीलगांव निवासी राकेश की बारात शनिवार रात उन्नाव के मौरावां थाने के समधाना गांव से लौट रही थी।
बारातियों से भरी टाटा मैजिक सीतापुर रोड स्थित छठा मील की दूध मंडी के सामने से गुजर रही थी।
इसी बीच सामने से तेज रफ्तार से आ रही गाड़ी (शेवर्ले-एंज्वाय) डिवाइडर से टकराई और उसे लांघकर सामने से आ रही बारातियों की गाड़ी से जा भिड़ी।
इससे वहां चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों गाड़ियों में सवार 16 लोगों को बाहर निकाला। इनमें पांच की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल 11 लोगों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
हादसे में मारे गए बारातियों की पहचान लीलगांव निवासी पुत्तीलाल (60), संतोष (45), इंद्रराज (50) व जमालुद्दीन (55) के रूप में हुई।
वहीं कार में सवार तीन लोगों में से अलीगंज के सेक्टर-सी निवासी व्यवसायी अरविंद श्रीवास्तव (27) की मौत हो गई है।
वहीं, बैंक ऑफ इंडिया की हरगांव (सीतापुर) शाखा के आंचलिक मैनेजर आशुतोष बरनवाल व केंद्रांचल कॉलोनी अलीगंज निवासी सिद्धार्थ श्रीवास्तव घायल हुए हैं। सिद्धार्थ व अरविंद के साथ आशुतोष अपने एक कर्मचारी के घर में छठी समारोह की दावत खाकर लौट रहे थे।
सेहरा उतार तीमारदारी में जुटा दूल्हा
दुल्हन को लेकर घर पहुंच चुके राकेश को जैसे ही हादसे की भनक लगी। उसने सेहरा उतारा और परिवार के अन्य लोगों के साथ आनन-फानन ट्रॉमा सेंटर पहुंचा और घायलों की तीमारदारी में जुट गया। थोड़ी देर में लीलगांव के तमाम लोग भी अस्पताल पहुंच गए।