निहत्थी महिलाएं लुटेरों को दे रही मुंहतोड़ जवाब, अकेले की बदमाशों से भिड़ गई महिला, सिखाया सबक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ की निहत्थी महिलाएं सड़कों पर बेखौफ वारदातें कर रहे लुटेरों को मुंहतोड़ जवाब दे रही हैं। रविवार रात राजाजीपुरम की बहादुर आरती वर्मा ने शॉपिंग कर लौटते वक्त पर्स छीनकर भागे बदमाश को दौड़ाकर दबोच लिया था तो मंगलवार सुबह अलीगंज के बड़ा चांदगंज की वंदना चतुर्वेदी भी पीछे नहीं रहीं।
निरालानगर में उन्होंने चेन लूटने वाले बदमाशों को दबोच लिया। बदमाशों को पकड़कर वह मदद के लिए चीखती रहीं। आसपास लोग एकत्र हो गए, लेकिन किसी की भी बदमाशों को पकड़ने की हिम्मत नहीं हुई। अंतत: बदमाश वंदना की पकड़ छुड़ाकर भाग गए। पूरा वाकया सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है। वंदना ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
वंदना ने बताया कि सोमवार को रामकृष्ण मठ के पास स्थित गेस्टहाउस में उनकी बेटी की शादी का समारोह था। मंगलवार सुबह विदाई के दौरान वह किसी काम से गेस्टहाउस के बाहर निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाश वहां आए और वंदना के गले में झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली।
चेन टूटते ही वंदना ने बाइक के पीछे बैठे बदमाश का हाथ पकड़ लिया, लेकिन उसने हाथ छुड़ा लिया। उसका साथी बाइक लेकर भागा, लेकिन चार कदम चलते ही वाहन बेकाबू होकर सड़क पर गिर पड़ा। इस बीच वंदना दौड़कर मौके पर आ गईं और बाइक के पीछे बैठे बदमाश को दबोच लिया। उसे पकड़कर वह मदद के लिए चीखने लगीं। इस पर बाइक चालक वंदना से भिड़ गया और खुद को छुड़ाने की कोशिश की।
बदमाशों को पकड़ने की नहीं हुई हिम्मत
वंदना को बदमाश से गुत्थमगुत्था देख आसपास के चार-पांच लोग मौके पर आ गए। वंदना ने कहा कि बदमाश उनकी चेन खींचकर भाग रहा था। कोई उसे पकड़ने में मदद करे अथवा पुलिस को सूचना देकर बुला ले। लेकिन, बदमाशों को पकड़ने की किसी की हिम्मत नहीं हुई।
इस दौरान एक बदमाश आराम से बाइक स्टार्ट करके खड़ा रहा जबकि उसका साथी वंदना से हाथापाई व धक्का-मुक्की करके भाग निकला। राहगीरों की मौजूदगी में ही दोनों बदमाश भाग निकले। वंदना का कहना है कि बदमाश उनकी चेन का कुछ हिस्सा तोड़ ले गए हैं।
हसनगंज कोतवाली के एसएसआई ने बताया कि चेन का बड़ा हिस्सा लुटने से बच गया है। वंदना या उनके परिवारीजनों की तरफ से देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।