दंपति की हत्या कर दरवाजे पर ताला लगा भाग गए हत्यारे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काकोरी के क्षेत्र में बदमाशों ने बुजुर्ग व उसकी तीसरी पत्नी की हत्या की। कमरे का दरवाजा बंद करके बाहर से कुंडी लगाई और मेनगेट पर ताला लगाकर फरार हो गए।
दुर्गंध फैलने पर सोमवार शाम आसपास के लोग घर के बाहर पहुंचे। नाली से खून बहा नजर आया। ग्रामीणों ने हत्या व लूट का अंदेशा जताते हुए पुलिस को कॉल की। बेड पर दोनों के शव पड़े थे। घर का सामान व्यवस्थित देख पुलिस ने लूटपाट से इन्कार करते हुए तफ्तीश शुरू की है।
एसओ काकोरी रामनरेश यादव ने बताया कि दुबग्गा चौकी क्षेत्र स्थित नई कॉलोनी बरावन कलां में कल्लू नेता (65) के घर से दुर्गंध महसूस होने पर नागरिकों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजे पर ताला लटका था और नाली से खून बहा नजर आया।
ताला तोड़कर घर में दाखिल हुई पुलिस ने कमरे पर बाहर से लगी कुंडी खोली। बेड पर कल्लू व उसकी तीसरी पत्नी फिरदौस फातिमा (45) के शव पड़े थे। कई दिन पुराने होने की वजह से क्षत-विक्षत हो चले शवों पर चोट का अंदाजा लगाना संभव नहीं था। कमरे में सामान व्यवस्थित नजर आया।
दूसरी पत्नी की मौत के बाद की थी तीसरी शादी
पड़ोसियों ने तीन दिन से ताला लटका होने की जानकारी दी। पता चला कि कल्लू के दो बेटे लतीफ व सईद शेखपुरवा में रहते हैं। तीन-चार दिन पहले सईद अपने पिता के घर आया था।
तहकीकात में पता चला कि कल्लू की पहली पत्नी हसीन जहां की 15 साल पहले मौत हो गई थी। उससे पांच लड़के शुएब, रजी, चांद, लतीफ व सईद और दो बेटियां शबनम एवं साबिया थीं।
दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। शुएब, रजी व चांद सऊदी अरब में रहते हैं। लतीफ व सईद शेखपुरवा में रहकर जमीन-मकान के ब्रोकर का काम करते हैं।
हसीन जहां की मौत के बाद कल्लू ने एक महिला से शादी की लेकिन छह महीने बाद तलाक हो गया।
इसके बाद उसने फिरदौस फातिमा से शादी की और सात साल से नई कॉलोनी बरावन कलां में रहकर ब्रोकर का काम कर रहा था।
बैंक से निकलवाए थे एक लाख रुपये
हत्या की खबर पर पहुंचे कल्लू के घर पहुंचे सईद ने बताया कि पिता ने एक लाख रुपये बैंक से निकलवाए थे। इसमें से 25 हजार उसे दिए और 75 हजार रुपये उनके पास थे। पुलिस ने सईद से लेनदेन व अन्य बिंदुओं पर पूछताछ शुरू की है।
करीबी ने अंजाम दी वारदात
छानबीन में जुटे पुलिस अधिकारियों ने करीबी द्वारा वारदात अंजाम दिए जाने का शक जताया। एक बेड पर कल्लू और दूसरे पर फिरदौस का शव था। कल्लू के सिर की तरफ फिरदौस के पैर थे।
कमरे का सामान व्यवस्थित था। इसके अलावा किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा वारदात अंजाम दिए जाने पर कमरे में बाहर से कुंडी और मेनगेट पर ताला नहीं लगाया जाता, बल्कि हत्या या लूटपाट करके भाग निकलता।