यूपी: फ्रंटलाइन कर्मियों का कोविड टीकाकरण आज से, दो लाख कर्मियों को लगेगा टीका
उत्तर प्रदेश में फ्रंटलाइन कर्मियों का टीकाकरण गुरुवार से शुरू होगा। पहले दिन लगभग 2000 सत्रों में दो लाख स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाएगा। बुधवार देर शाम तक लगभग 1800 बूथ पर टीका लगाने की तैयारी हो चुकी थी। इसके बाद 12 और 18 फरवरी को भी फ्रंटलाइन कर्मियों का टीका लगाया जाएगा।
मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी की अध्यक्षता में कोविड-19 टीकाकरण की स्टेट स्टेयरिंग कमेटी फॉर इम्यूनाइजेशन की बैठक में टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा में बताया गया कि 5 फरवरी तक 673210 लाभार्थियों में से 636815 स्वास्थ्य कर्मियों और 36395 फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोविड टीकाकरण की पहली खुराक दी जा चुकी है। जिन जिलों में कोविड टीकाकरण कम हुआ है, वहां जरूरत के अनुसार तेजी लाए जाने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि पहली खुराक ले चुके लाभार्थियों की दूसरी खुराक 15 फरवरी, 19 फरवरी, 25 फरवरी, 26 फरवरी, 4-5 मार्च और 15 मार्च को दी जाएगी। बैठक में अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित मोहन प्रसाद, सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अपर्णा उपाध्याय आदि मौजूद थे।
21 फरवरी को जेई टीकाकरण
प्रदेश के 38 जिलों में जेई टीकाकरण अभियान चलेगा। इस अभियान में 9 माह से 15 वर्ष तक के जेई टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों को टीका लगाया जाएगा। इस दौरान करीब 11.26 लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य है।
बैठक में बताया गया कि बीते दिनों चले पोलियो अभियान में 3.24 करोड़ बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। इसके अलावा भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार सघन मिशन इंद्रधनुष 3.0 प्रदेश के 37 जिलों में दो चरणों में चलाया जाना प्रस्तावित है। प्रथम चरण 23 फरवरी, 1 मार्च और 2 मार्च को चलाया जाना है। दूसरा चरण 23 मार्च, 5 अप्रैल और 6 अप्रैल को प्रस्तावित है।