अर्थव्यवस्था की खराब स्थिति बताने के लिए महाअभियान चला रही कांग्रेस, मोदी सरकार को घेरने की कोशिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस ने अर्थव्यवस्था की खराब स्थिति बताने के लिए पूरे प्रदेश में महाअभियान चलाने का फैसला किया है। इसके तहत ग्राम व ब्लॉक स्तर पर नुक्कड़ सभाएं की जा रही हैं। इस तरह से सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) व विनिर्माण क्षेत्र में गिरावट और कृषि की सुस्त रफ्तार के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी है।
हाल ही में जारी किए गए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देश की विकास दर में लगातार छठी तिमाही में गिरावट दर्ज की गई है। विकास दर 4.5 प्रतिशत पर पहुंच गई है। कृषि क्षेत्र की विकास दर भी 2.1 प्रतिशत पर आ गई है।
कांग्रेस हाईकमान ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश मुख्यालय पर हर जिले से 12-15 सदस्य बुलाकर उन्हें इन आंकड़ों के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि वे आम मतदाताओं और खासकर नौजवानों के बीच अर्थव्यवस्था की सही तस्वीर रख सकें। प्रशिक्षण का यह कार्यक्रम लगातार चलाया जा रहा है।
45 साल में रोजगार की सबसे खराब स्थिति
जिला व शहर अध्यक्षों से कहा गया है कि वे छोटी-छोटी नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से अर्थव्यवस्था के मौजूदा आंकड़ों को लोगों के सामने रखें। स्कूल-कॉलेजों, व्यावसायिक डिग्री देने वाले शिक्षण संस्थानों और युवाओं के बीच इन बातों को जरूर ले जाएं।
क्योंकि इस खराब स्थिति का सबसे अधिक खामियाजा छात्र-नौजवान ही भुगत रहे हैं। कांग्रेस के यूपी मीडिया प्रभारी राजीव त्यागी कहते हैं कि इन दिनों हम गांव-गांव जाकर लोगों को अर्थव्यवस्था की वास्तविक स्थिति से अवगत करा रहे हैं।
उन्हें बता रहे हैं कि 45 साल में रोजगार की सबसे खराब स्थिति है। यूपीए सरकार में जिस रफ्तार से अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही थी, जोकि अब रिवर्स गियर में आ गई है। मीडिया भी प्रमुखता से सच को सामने नहीं ला रहा है।