व्यापम घोटाले में कानपुर मेडिकल कॉलेज पर सीबीआई का छापा
व्यापम घोटाले में पहली बार सीबीआई ने जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में छापा मारा है। सीबीआई को 2013 बैच के स्टूडेंट सुजीत सिंह की तलाश है। सुजीत को मई में एमपी एसटीएफ ने पूछताछ के लिए बुलाया था।
सुजीत ने कॉलेज प्रशासन को एसटीएफ के पास जाने की सूचना दी पर वहां पहुंचा नहीं। तब से उसका पता नहीं है। सीबीआई की निगाह पहले उनपर हैं जिन्होंने एमपी एसटीएफ के तलब करने के बावजूद रिपोर्ट नहीं की है।
बुधवार सुबह सीबीआई लखनऊ यूनिट के सब इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची। उन्होंने सुजीत सिंह के बारे में जानकारी मांगी। इसके बाद टीम सुजीत की तलाश में मेडिकल कॉलेज में कई संभावित स्थानों पर भी गई।
इधर, सीबीआई के पहुंचने की सूचना से हॉस्टल में अफरातफरी मच गई। हॉस्टल में कई मेडिकल स्टूडेंट ऐसे भी हैं जिन्हें एमपी एसटीएफ का नोटिस मिल चुका है या वह गिरफ्तार हो चुके हैं।
अंशुमान से जल्द पूछताछ करेगी सीबीआई
2014 बैच के स्टूडेंट अंशुमान मिश्र से जल्द सीबीआई पूछताछ कर सकती है। अंशुमान व्यापम घोटाले में काफी समय तक भोपाल जेल बंद भी रहा था।
जेल से छूटने के बाद अंशुमान को यूपी सीपीएमटी में पेपर सॉल्व कराते हुए लखनऊ एसटीएफ ने दबोचा था। इस समय अंशुमान लखनऊ जेल में बंद है।
वहीं एमपी एसटीएफ ने अब तक जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के 58 स्टूडेंटों को नोटिस दिया है। इनमें से 23 स्टूडेंट गिरफ्तार भी हुए हैं।