सोशल मीडिया पर बसपा के लोकसभा प्रत्याशियों की लिस्ट वायरल, प्रदेश अध्यक्ष ने बताया फर्जी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोशल मीडिया पर सोमवार दोपहर वायरल हुई एक सूची ने लोकसभा चुनाव में बसपा के टिकट के दावेदारों की धड़कनें बढ़ा दीं। पार्टी नेता दिनभर सूची को फर्जी बताकर सफाई देते रहे। प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा ने इस सूची को फर्जी बताया, साथ ही इस आपत्तिजनक हरकत के लिए एफआईआर दर्ज कराने की बात कही।
दरअसल, सोशल मीडिया पर बहुजन समाज पार्टी लिखे लेटर पैड की शक्ल वाले पेपर पर प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा के नाम से 38 लोकसभा क्षेत्रों की एक सूची वायरल हुई। 13 जनवरी की तारीख में लिखे इस पत्र में सीटवार प्रत्याशियों के नाम थे।
सूची से ऐसे दावेदारों की बेचैनी बढ़ गई जिन्हें टिकट का पहले ही संकेत किया जा चुका है, लेकिन इसमें उनका नाम गायब था। इसकी सत्यता जानने के लिए पार्टी पदाधिकारियों के पास प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से फोन आने लगे।
देर शाम प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा ने बयान जारी कर वायरल पत्र को फर्जी करार दिया। कहा कि ऐसा कोई पत्र उन्होंने जारी नहीं किया है। पत्र पर हस्ताक्षर भी फर्जी हैं।
अभी तक घोषित नहीं किन सीटों पर लड़ेंगे बसपा-सपा नेता
उन्होंने कहा कि अभी तक बसपा और सपा के शीर्ष नेतृत्व ने यह घोषित नहीं किया कि किन-किन 38 सीटों पर वे चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधियों ने भ्रम फैलाने के लिए सोशल मीडिया पर पूरी तरह से फर्जी व कूटरचित पत्र जारी किया है।
इससे न सिर्फ उनकी हताशा प्रदर्शित हो रही है बल्कि यह भी स्पष्ट है कि वे गठबंधन से बुरी तरह बौखला गए हैं। फर्जी दस्तखत से पत्र जारी करना व सोशल मीडिया में डालना आपराधिक कृत्य है। इसके लिए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।