मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिक्शा चालकों को दिलाई भाजपा की सदस्यता, भगवा सेना ने ये बनाया प्लान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा ने 10 अगस्त तक चलने वाले विशेष प्राथमिक सदस्यता अभियान के सहारे न सिर्फ सदस्यों में बढ़ोतरी की रणनीति पर काम शुरू किया है बल्कि वोटों का गणित दुरुस्त करने का भी खाका खींचा है। इसी प्रयास के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ई रिक्शा चालक विशाल तिवारी, रशीद आलम, हरिराम यादव, गुड्डू चौरसिया और विनोद कुमार को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
रणनीतिकारों ने इस अभियान के सहारे अलग-अलग जातियों से नया नेतृत्व निकालने का भी ताना-बाना बुना है। भाजपा से जुड़ने वाले समूहों को संगठन में अपनत्व और अपने हितों की रक्षा का भी एहसास होता रहे, इसके लिए इनके बीच बड़े नेताओं को जाकर सदस्यता दिलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रत्येक बूथ पर 50 प्रतिशत पार वोट हासिल करने की रणनीति के तहत भाजपा नेतृत्व ने अब विशेष सदस्यता अभियान के जरिये सियासी गणित को 60 बनाम 40 के बजाय 80 बनाम 20 बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इसके लिए पिछड़ों और अनुसूचित जाति को ज्यादा मजबूती के साथ पार्टी से जोड़ने की रणनीति बनाई गई है।
इसके तहत उन जातियों को पार्टी के साथ लाने पर ध्यान केंद्रित किया गया है जो अभी तक भाजपा के साथ अधिक जुड़ाव महसूस नहीं करती रही हैं। वहीं भाजपा के साथ पहले से जुड़ी जातियों को ज्यादा मजबूती से पार्टी के साथ जोड़ने पर फोकस किया गया है।
इस तरह किया जा रहा काम
अलग-अलग वर्गों और जातियों से जुड़े लोगों के बीच पार्टी के बड़े चेहरों को भेजकर उन्हें पार्टी से जोड़ा जा रहा है। साथ ही उन्हीं के बीच से कुछ युवकों को तलाशकर उन्हें अपने समाज के बीच भाजपा की पकड़ व पहुंच बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके पीछे मंशा जहां आधार मजबूत करना है, वहीं भविष्य के लिए स्थानीय स्तर पर सभी वर्गों के बीच अपने प्रभावी पैरोकार खड़े करना भी है।
उदाहरण के लिए प्रदेश महामंत्री सुनील बंसल ने शनिवार को वाराणसी में निषाद समुदाय के बीच सदस्यता अभियान चलाया तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को लखनऊ में रिक्शा वालों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। इसी तरह किसी भाजपा नेता ने प्रदेश में कहीं नाई समाज के बीच भाजपा के सदस्य बनाने का अभियान चलाया तो कहीं वकीलों के बीच सदस्यता अभियान चला।
प्रदेश महामंत्री व सह सदस्यता प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल कहते भी हैं कि सदस्यता अभियान के जरिये भाजपा ने मजदूर, किसान, नाई, धोबी, लोहार, बढ़ई सहित शिल्पकारों के अलग-अलग समुदायों, इंजीनियरों, सीए, डॉक्टरों, वकीलों, व्यापारियों, बुनकरों, खिलाड़ियों, कलाकारों, अध्यापकों, लेखकों, साहित्यकारों, रिक्शा चालकों, ई-रिक्शा चालकों, सब्जी विक्रेताओं, पान विक्रेताओं जैसे अन्य छोटे-मोटे धंधे करने वालों को पार्टी से जोड़ने का फैसला किया है।