वीडियो वायरल: 'इस सरकार में विधायकों की हैसियत ही क्या है? ज्यादा बोलेंगे तो हम पर भी राजद्रोह लगा देंगे'
भाजपा विधायक राकेश राठौर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह अपनी मजबूरी लोगों से जाहिर करते हुए कह रहे हैं कि भैया इस सरकार में विधायकों की हैसियत ही क्या है? ज्यादा बोलेंगे तो हम पर ही देशद्रोह लगा देंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीतापुर से भाजपा के नगर विधायक राकेश राठौर अपने बयानों को लेकर एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। योगी सरकार पर उन्होंने तंज कसा है। बोले कि इस सरकार में विधायकों की हैसियत क्या है? अधिक बोलने पर राजद्रोह लगा दिया जाएगा। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर बड़ी ही तेजी से वायरल हो रहा है। सीतापुर की सदर विधानसभा सीट से भाजपा के नगर विधायक राकेश राठौर सरकार बनने के बाद से ही अपने बयानों को लगातार सुर्खियों में रहे हैं। वह कई बार इस तरह के बयान दे चुके हैं, जो ये दर्शाता है कि योगी सरकार और उनके बीच तालमेल बेहतर नहीं है। वह सरकार के कामकाज को लेकर भी सवाल उठा चुके हैं और इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे हैं। इसी कड़ी में एक बार फिर नगर विधायक अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मीडिया से बातचीत करते वह सुने जा रहे हैं, जिसमें वह कह रहे हैं कि प्रशासन सरकार से अलग होता है क्या ? सरकार-प्रशासन एक पहलू हैं, चाहे प्रशासन की माने, चाहे सरकार की माने। बात तो एक ही है। आगे बोले कि भैया सब बहुत अच्छा चल रहा है, इससे बेहतर कुछ हो ही नहीं सकता। लॉकडाउन से संबंधित पूछे गए एक सवाल पर जवाब देते हुए वह कह रहे हैं कि हम सरकार तो हैं नहीं भाई, लेकिन हम ये जरूर बता सकते हैं आपको, कि जो सरकार करे वही ठीक मानो। हमको जो लिखा पढ़ी करनी ही है, कर चुके हैं। पत्राचार हो चुके हैं। सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए हैं।
विधायकों की हैसियत क्या है। हम ज्यादा बोलेंगे तो देशद्रोह, राजद्रोह हम पर भी तो लगेगा। एक सवाल के जवाब में वह कहते हैं कि क्या आपको लगता है कि विधायक कह सकते हैं अपनी बात। अगर सरकार को लगेगा कि कोई बोल पड़ा तो लगा देंगे राजद्रोह। अब वो नहीं है कि लव आजाद हैं। सोशल मीडिया पर नगर विधायक के वायरल वीडियो के बाद जहां वह एक बार फिर वह सुर्खियों में हैं, वहीं सियासी गलियारे में भी वीडियो को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्षी दल भी इस वीडियो को बड़े ही गौर से सुनकर आपस में ही क्रिया-प्रतिक्रिया कर रहे हैं।
ताली-थाली पर तंज कसने का भी वायरल हो चुका वीडियो
इस साल कोरोना काल में नगर विधायक का वायरल वीडियो का ये कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी पिछले वर्ष 2020 में कोरोना काल के शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से जनता कर्फ्यू लगाकर ताली-थाली बजाकर कोरोना की लड़ाई में एकजुटता का दिए गए संदेश को लेकर भी नगर विधायक ने तंज कसा था। कुछ लोगों से फोन पर इसका बातचीत करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
सरकार बनने के बाद से चर्चा में रहे हैं नगर विधायक
2017 में योगी सरकार बनने के कुछ दिनों बाद ही नगर विधायक राकेश राठौर चर्चा में आ गए थे। वह कई बार अपने कार्यकर्ताओं और साथ में जुड़े लोगों की मदद नहीं करने को लेकर कड़ी नाराजगी प्रशासन से जता चुके हैं। बाइक छुड़वाने को लेकर भी कहासुनी हो चुकी है। इसी के बाद से वह लगातार चर्चा में रहे। सरकार के होने वाले कार्यक्रमों, योजनाओं से संबंधित बैठकों में उनकी गैरमौजूदगी भी चर्चा में रहती है।
अभी कुछ माह पहले की ही बात है। कमलापुर के सुरैंचा स्थित विद्याज्ञान स्कूल में विश्व क्षय रोग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ आए थे, लेकिन नगर विधायक इस कार्यक्रम में भी नहीं गए थे। जबकि उनके लिए कुर्सी भी लगी थी। मंच संचालिका ने नगर विधायक का नाम भी पुकारा था। यहां पर उनकी गैरमौजूदगी भी चर्चा में रही।