लखनऊ के बंथरा इलाके में शुक्रवार को तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दुकानदार शारदा प्रसाद साहू (42) की जान ले ली। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग करते शव रखकर हंगामा व प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण जाम लग गया। एसडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी ने मुआवजा के रूप में एक बीघा जमीन आवंटित करने के साथ मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद दिलाने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
2 of 5
बाइक सवार की मौत
- फोटो : अमर उजाला
बंथरा के तिरवा गांव निवासी शारदा प्रसाद साहू के परिवार में पत्नी माधुरी व बेटा अंशु है। शारदा दोपहर 2.30 बजे सामान लेने बाइक से हरौनी बाजार जा रहे थे। बनी-मोहान रोड पर सादुल्लानगर चौराहे के पास वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में शारदा की मौत हो गई।
3 of 5
बाइक सवार की मौत
- फोटो : अमर उजाला
जानकारी पर मौके पर पहुंचे परिवारीजनों व ग्रामीणों ने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। उधर, हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस लोगों को शांत कराने की कोशिश करती रही, लेकिन कोई बात नहीं बनी।
4 of 5
प्रदर्शनकारियों को समझाते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
एसडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी ने परिवारीजनों को एक बीघा जमीन आवंटित करने और मुख्यमंत्री राहत कोष, किसान दुर्घटना बीमा से मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। इस दौरान तीन घंटे तक बनी-मोहान रोड पर जाम लगा रहा और करीब तीन-तीन किलोमीटर लंबी वाहनों की लाइन लग गई।
5 of 5
बाइक सवार की मौत
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बनी-मोहान रोड के दोनों किनारे मौजूद कच्ची पटरी बिल्कुल गायब हो गई है। इससे अक्सर हादसे होते रहते हैं। इसे लेकर कई बार प्रदर्शन किया गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। शुक्रवार को एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग द्वारा जल्द ही दोनों तरफ कच्ची पटरी सही कराने का आश्वासन दिया।