अमनमणि त्रिपाठी को जेल में मिलेंगी सभी सुविधाएं!
पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के बेटे अमनमणि को जेल में काफी समस्याएं हैं। उसे रात भर मच्छर काटते हैं। मनचाहा खाना नहीं मिलता। इलाज तक ठीक से नहीं कराया जा रहा।
इन शिकायतों के साथ गोर्साइंगंज जिला कारागार का निरीक्षण करने पहुंचे जेल अधिकारियों से अमनमणि ने बृहस्पतिवार को सुविधाएं दिलवाने की मांग की।
एडीजी जेल डीके सिंह चौहान,डीआईजी जेल मुख्यालय शरद कुलश्रेष्ठ,वरिष्ठ अधीक्षक कारागार मुख्यालय वीएस यादव निरीक्षण के दौरान हाई सिक्योरिटी बैरक चेक करने पहुंचे।
अमनमणि ने उन्हें बताया कि रातभर मच्छर काटते हैं। पीठ दर्द की शिकायत है। इसके बावजूद एक्सरे तक नहीं करवाया जा रहा। इस पर एडीजी को जेल अधिकारियों ने बताया कि एक्सरे के लिए सीएमओ को पत्र भेजा गया है।
इससे पहले महिला कल्याण एवं बाल विकास समिति की चेयरमैन आशा और रामपुर की विधायिका मोना तिवारी सहित पांच सदस्यीय टीम के साथ जेल अधिकारियों ने महिला बैरक,भंडारा और चिकित्सालय का निरीक्षण किया।
सारा की मां सुबूत जुटाने पहुंची घटनास्थल पर
सारा की मां सीमा सिंह ने बृहस्पतिवार को बेटे सिद्धार्थ संग सिरसागंज थाने के प्रभारी निरीक्षक से मुलाकात की। इसके बाद सीमा सिंह घटना स्थल पैगू रोड चौराहा हाईवे पहुंची।
सीमा सिंह ने पुलिस पर मिलीभगत और सुबूत मिटाने के आरोप भी लगाए। अमनमणि ने कुछ 10-12 आपराधिक किस्म के लोगों के साथ मिलकर बेटी की हत्या करवा दी।
सीमा सिंह ने कहा कि गाड़ी की फॉरेंसिक जांच में लीपापोती की गई है। उन्होंने सिरसागंज पुलिस से यह भी पूछा कि अभी तक सारा के कपडे़ जांच के लिए क्यों नही भेजे गए हैं।
साथ ही उन्होंने यह मांग भी उठाई कि अब कपड़ों की फॉरेंसिक जांच आगरा में न कराकर लखनऊ में करवाई जाए।