मोदी सरकार के चार साल: माया का सीधा हमला, अखिलेश का शायराना वार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीएम मोदी के कार्यकाल के चार साल पूरे होने पर बसपा सुप्रीमो ने उन्हें 'सफेद झूठ' बोलने वाली सरकार कहा है। मायावती ने कहा कि मोदी सरकार चार साल में हर स्तर पर फेल हुई है। गरीबों, मजदूरों, किसानों को इस सरकार में सिर्फ महंगाई और बेरोजगारी मिली है, इसलिए ये सरकार सरकार ऐतिहासिक रूप से बुरी तरह विफल हुई है। राजधानी लखनऊ स्थित बसपा कार्यालय में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर जोरदार हमला बोला।
पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और भाजपा नेताओं द्वारा अपनी ही पार्टी के खिलाफ हाल ही में की गई बयानबाजी पर मोदी सरकार को घेरते हुए मायावती ने कहा कि बीजेपी सरकार जनता से सफेद झूठ बोलती है। जनता को धोखा देती है। भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा सबके सामने आ गया। इनकी उल्टी गिनती अब शुरू हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि मोदी जी अपने हर काम को ऐतिहासिक करार देते हैं और यही कारण है कि उनकी ही सरकार में ऐतिहासिक रूप से पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े हैं। तेल की बढ़ी कीमतों से पूरे देशवासी परेशान हैं। मायवती ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इनकी कीमतें कम न की गईं तो उनकी पार्टी देशव्यापी आंदोलन करेगी।
मायावती ने आरोप लगाया कि प्रधानंत्री की गलत आर्थिक नीतियों खासकर नोटबंदी और जीएसटी के कारण ही देश में गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी है। इसी कारण रुपये की कीमत गिरती ही जा रही है। ये आंकड़ा भी ऐतिहासिक है।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर सत्र पर देशवासियों को छला है। जनता की नजर में ये सरकारी सफेद झूठ वाली सरकार बन गई है। उन्होंने कहा कि देश में हर जगह अराजकता छाई है। भ्रष्टाचार और अत्याचार बढ़ा है, जो इस बात का प्रमाण है कि बीजेपी राज जंगल राज है। इतना ही नहीं दलितों और आदिवासियों पर पिछले चार साल में अत्याचार भी बढ़ा है। कठुआ और उन्नाव रेप मामले को भाजपा ने सत्ता के बल पर दबाने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि बीजेपी एंड कंपनी और आरएसएस वालों के लिए संविधान और कानून का अनुपालन करने के कोई मायने नहीं रह गए हैं।
भाजपा सरकार को उन्होंने धन्नासेठों को फायदा पहुंचाने वाली सरकार बताया और कहा कि जनता चिंतित है की बैंकों में उसका पैसा सुरक्षित है अथवा नहीं।
गौरतलब है कि बसपा ने अपना राष्ट्रीय अधिवेशन केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के चार वर्ष पूरा होने के मौके पर बुलाया है। इसमें राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक भी प्रस्तावित है।
अखिलेश यादव ने शायरी के जरिए किया वार
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा के चार साल पूरे होने पर ट्वीटर के जरिए शायराना अंदाज में भाजपा पर वार किया। पिछले चार साल के कई मुद्दों पर घेरते हुए उन्होंने लिखा कि राजनीति में भ्रष्टाचार का खेल, बैंकिंग सिस्टम हुआ फ़ेल, पेट्रोल-डीज़ल के दाम उच्चतम, डॉलर के मुक़ाबले रुपया न्यूनतम।
अखिलेश यहीं नहीं रुके देश से नीरव मोदी और विजय माल्या के फरार होने पर भी तंज कसते हुए लिखा कि देश से घोटालेबाज़ फ़रार, विदेशों से दिखावे के क़रार। महँगाई पर जीएसटी की मार, दलित, ग़रीब, महिला पर वार, किसान, बेरोज़गार, कारोबारी बेहाल, मुबारक हों ये चार साल!